Hamirpur News: "36 करोड़ का टैंडर तो फिर कैसे हो गई 100 करोड़ की पेमेंट", सुक्खू सरकार पर राजेंद्र राणा का तीखा हमला

Edited By Vijay, Updated: 04 Aug, 2026 03:17 PM

rajender rana attacks sukhu govt over hamirpur bus stand and italy winery

हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने एक प्रैसवार्ता के दौरान राज्य की सुक्खू सरकार पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और जांच एजैंसियों के...

हमीरपुर (राजीव): हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने एक प्रैसवार्ता के दौरान राज्य की सुक्खू सरकार पर भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और जांच एजैंसियों के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। राणा ने हमीरपुर बस स्टैंड के निर्माण से लेकर इटली में हो रहे निवेश तक के मुद्दे उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली को कटघरे में खड़ा किया है। राजेंद्र राणा ने सबसे बड़ा आरोप हमीरपुर बस स्टैंड के निर्माण कार्य पर लगाया। उन्होंने सवाल उठाया कि बस स्टैंड के निर्माण का टैंडर 36 करोड़ रुपए का हुआ था, लेकिन इसके लिए 100 करोड़ रुपए की पेमेंट कैसे कर दी गई? उन्होंने मुख्यमंत्री से जवाब मांगते हुए पूछा कि प्रदेश के बड़े-बड़े अस्पतालों में चल रहे मेडिकल काऊंटरों को कौन संचालित कर रहा है, इसका भी खुलासा होना चाहिए।

मेडिकल कॉलेज और इटली में निवेश पर उठाए गंभीर सवाल
राणा ने हमीरपुर के जोल सप्पड़ में बन रहे मेडिकल कॉलेज को लेकर भी संदेह जताया। उन्होंने कहा कि कॉलेज के प्रिंसिपल को बार-बार एक्सटेंशन क्यों दी जा रही है, इसके पीछे का राज मुख्यमंत्री को जनता को बताना चाहिए। साथ ही उन्होंने पूछा कि मेडिकल कॉलेज में बन रही पीजी बिल्डिंग का निर्माण कौन कर रहा है और वहां इस्तेमाल होने वाला मैटीरियल कहां से आ रहा है? यह सब शक के दायरे में है। उन्होंने यह भी कहा कि इन दिनों चर्चा है कि इटली में जो वाइनरी लग रही है, वह किसकी है, इसकी भी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।

न्यू चंडीगढ़ में जमीनें खरीद रहे नेता, काले झंडों से होगा स्वागत
राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए राणा ने कहा कि सत्तापक्ष के नेता प्रदेश को लूटने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल के कुछ नेता आज न्यू चंडीगढ़ में महंगी जमीनें खरीद रहे हैं, आखिर उनके पास यह पैसा कहां से आ रहा है? उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में भाजपा, कांग्रेस के मंत्रियों, नेताओं और मुख्यमंत्री का काले झंडों के साथ स्वागत करेगी। राणा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब ताश के पत्तों की तरह बिखर चुकी है और यह सरकार प्रदेश के विकास के लिए नहीं, बल्कि लोगों को लूटने और डराने के लिए बनी है।

पुलिस और विजिलेंस का दुरुपयोग कर रही सरकार
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि राज्य में पुलिस और विजिलेंस पूरी तरह से सरकार के इशारे पर काम कर रही हैं और भाजपा नेताओं के खिलाफ झूठे केस व एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि याद रखें कि ये पुलिस वाले किसी के सगे नहीं हैं। आज वे आपके साथ हैं, लेकिन सरकार की अंदरूनी सूचनाएं वे यहां भी दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में इस सरकार के सभी काले चिट्ठे खुलकर जनता के सामने आएंगे।

गारंटियों पर फेल, महिलाएं मांगेंगी 1500 रुपए का हिसाब
कांग्रेस की गारंटियों पर तंज कसते हुए राजेंद्र राणा ने कहा कि सुक्खू सरकार अपनी 10 गारंटियां पूरी करने में पूरी तरह से नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय देहरा विधानसभा क्षेत्र के महिला मंडलों को बैंकों के माध्यम से 50-50 हजार रुपए दिए गए थे, अब मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश के सभी महिला मंडलों को 50-50 हजार रुपए दें। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले हर महिला को हर महीने 1500 रुपए देने का वादा किया था। अब जब अगले चुनाव आएंगे तो प्रदेश की महिलाएं पूरे 5 साल के 1500-1500 रुपए का हिसाब मांगेंगी।

सुजानपुर की सड़क एक साल में उखड़ी, विजिलेंस जांच की मांग
अपने गृह क्षेत्र सुजानपुर का मुद्दा उठाते हुए राणा ने कहा कि नाबार्ड के तहत बनी भेरडा साणुया दी धाती सड़क का निर्माण कार्य बेहद घटिया हुआ है। हालत यह है कि महज एक साल के भीतर ही यह सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है। उन्होंने इस सड़क के निर्माण कार्य की विजिलेंस जांच करवाने की मांग की। प्रैसवार्ता के अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री अजय रिंटू, होशियार सिंह सहित पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!