Kangra: रैबीज संक्रमित बैल ने मचाया उत्पात, स्कूल जाते बच्चों और महिलाओं पर किया हमला

Edited By Vijay, Updated: 03 Sep, 2026 12:34 PM

rabies infected bull caused chaos

नगर परिषद के वार्ड नंबर-2 में बीते दिन एक रैबीज संक्रमित हिंसक बैल ने जमकर उत्पात मचाया। बैल ने स्कूल जा रहे बच्चों, उनके अभिभावकों और स्थानीय लोगों पर अचानक हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।

नगरोटा बगवां (बिशन): नगर परिषद के वार्ड नंबर-2 में बीते दिन एक रैबीज संक्रमित हिंसक बैल ने जमकर उत्पात मचाया। बैल ने स्कूल जा रहे बच्चों, उनके अभिभावकों और स्थानीय लोगों पर अचानक हमला कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। इस हमले में दो महिलाओं सहित कई लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद प्रशासन और पशुपालन विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। मिली जानकारी के अनुसार, हिंसक बैल के हमले में घायल हुए लोगों को तुरंत सिविल अस्पताल नगरोटा बगवां पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद, गंभीर चोटों वाले कुछ घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया है, जहां उनका इलाज जारी है।

कड़ी मशक्कत के बाद काबू में आया बैल
हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सक, नगर परिषद के कर्मचारी और पशु संरक्षण से जुड़ी एक एनजीओ की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने भारी मशक्कत के बाद हिंसक बैल को नए बस अड्डे के समीप सुरक्षित रूप से काबू कर लिया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

इलाके में पहले से है रैबीज का खौफ
गौरतलब है कि नगरोटा बगवां में रैबीज का यह कोई पहला मामला नहीं है। करीब 20-25 दिन पहले भी क्षेत्र में एक पागल कुत्ते के काटने से एक पालतू भैंस और बेसहारा गाय रैबीज की चपेट में आ गई थीं। प्रशासन ने उन्हें रैस्क्यू तो किया था, लेकिन बाद में दोनों पशुओं की मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे इन मामलों से स्थानीय लोग खौफ में हैं।

विधायक आरएस बाली ने लिया कड़ा संज्ञान
नगरोटा बगवां में रैबीज के बढ़ते मामलों और बीते दिन हुई इस गंभीर घटना को देखते हुए स्थानीय विधायक आरएस बाली ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से निपटने और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत प्रभावी कदम उठाने के सख्त निर्देश दिए हैं।

एसडीएम ने की आपात बैठक, जारी की एडवाइजरी
विधायक के निर्देशों के बाद, एसडीएम पूजा अधिकारी ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों और आसपास की पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की। एसडीएम ने स्थानीय जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध या आक्रामक पशु को देखकर उसके पास न जाएं और तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बच्चों और बुजुर्गों को ऐसे पशुओं से दूर रखा जाए और लोग अपने पालतू पशुओं को भी सुरक्षित स्थानों पर बांधकर रखें।

प्रशासन ने गठित की विशेष टीम, यहां दें सूचना
रैबीज संक्रमित या संदिग्ध पशुओं की त्वरित सूचना के लिए प्रशासन ने पशु चिकित्सा विभाग की एक विशेष रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया है। किसी भी आपात स्थिति में लोग नीचे दिए गए नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं।
वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी (डॉ. सर्वेश): 94180-76100
उपमंडल कार्यालय (नगरोटा बगवां) लैंडलाइन: 01892-252001
उपमंडल कार्यालय मोबाइल नंबर: 98161-22624

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!