Kangra: पठानकोट-मंडी हाईवे पर हादसा, HRTC वर्कशॉप के पास अनियंत्रित होकर पलटी निजी बस

Edited By Vijay, Updated: 06 Oct, 2026 06:06 PM

private bus overturn on pathankot mandi highway

कांगड़ा जिले में पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पालमपुर में परिवहन निगम कार्यशाला के समीप एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

पालमपुर (कांगड़ा): कांगड़ा जिले में पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। पालमपुर में परिवहन निगम कार्यशाला के समीप एक निजी बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। बस के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार यह निजी बस मंगलवार दोपहर बाद बैजनाथ से पालमपुर की ओर आ रही थी। जैसे ही बस एचआरटीसी वर्कशॉप के पास पहुंची, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के वास्तविक कारणों का अभी तक सटीक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि बस के ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

बस पलटते ही आसपास के स्थानीय लोग और दुकानदार तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने बिना समय गंवाए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। हादसे में घायल दो यात्रियों को तुरंत नागरिक चिकित्सालय पालमपुर पहुंचाया गया। इनमें से मझैरना निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला बिगना देवी को चोटें अधिक होने के कारण अस्पताल में भर्ती कर उनका उपचार किया जा रहा है। वहीं, दूसरे घायल यात्री को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

हाईवे पर लगा जाम, स्कूली बच्चे हुए परेशान
पठानकोट-मंडी हाईवे पर हुए इस हादसे के दौरान दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी भगवान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को अपने नियंत्रण में लिया। वहीं इस जाम में स्कूली बच्चों के कई वाहन भी लंबे समय तक फंसे रहे। छोटे बच्चों को जाम के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस कर्मियों ने मौके पर कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को वन-वे कर वाहनों की आवाजाही को किसी तरह सुचारू करवाया। 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!