Edited By Vijay, Updated: 06 Sep, 2026 01:28 PM

मंडी जिले के थुनाग बस अड्डे के समीप बहने वाली खड्ड में रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
गोहर (सतीश): मंडी जिले के थुनाग बस अड्डे के समीप बहने वाली खड्ड में रविवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसडीएम थुनाग संजीत शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11:40 बजे स्थानीय लोगों ने खड्ड में एक शव तैरता हुआ देखा और तुरंत प्रशासन व पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त तुलसी राम पुत्र धर्म सिंह निवासी गांव थुनाड़ी, तहसील थुनाग के रूप में की गई है।
तेज बहाव में बहने की आशंका
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि मृतक व्यक्ति खड्ड पार करते समय या किनारे पर चलते हुए पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया होगा। एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
प्रशासन ने परिवार को दी 25 हजार की फौरी सहायता
इस दुखद घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतक के शोक संतप्त परिवार को 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की है। एसडीएम संजीत शर्मा ने बताया कि घटना को लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है, जिसके आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें