Edited By Kuldeep, Updated: 11 Aug, 2026 09:59 PM

थाना पालमपुर के अंतर्गत ननाहर क्षेत्र में खेतों को जंगली सूअरों से बचाने के लिए लगाई गई करंट वाली तारों की चपेट में आने से छुट्टी पर घर आए सैनिक की मौत हो गई।
पालमपुर (भृगु): थाना पालमपुर के अंतर्गत ननाहर क्षेत्र में खेतों को जंगली सूअरों से बचाने के लिए लगाई गई करंट वाली तारों की चपेट में आने से छुट्टी पर घर आए सैनिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अश्वनी कुमार (29) पुत्र सुरेश कुमार निवासी ननाहर, डाकघर कमलेहड़, पालमपुर के रूप में हुई है। अश्वनी कुमार डोगरा रैजीमैंट में सेवारत था और करीब 10-11 वर्ष पहले सेना में भर्ती हुआ था। पुलिस के अनुसार अश्वनी कुमार 20 जुलाई को छुट्टी पर घर आया था। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे ननाहर पंचायत के उपप्रधान अनुज कुमार ने पिंटू कुमार को फोन कर सूचना दी कि अश्वनी कुमार एक मकान के साथ लगी बिजली की तारों में मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि खेतों में फसलों को जंगली सूअरों से बचाने के लिए तारों में बिजली का कनैक्शन दिया गया था।
आशंका जताई जा रही है कि अश्वनी कुमार तारों के ऊपर गिर गया, जिससे करंट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस और फोरैंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर शव का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर करंट लगने और जलने के निशान पाए गए हैं। अश्वनी कुमार अपने पीछे दो बच्चों, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गया है। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने बताया कि पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों और खेतों में बिजली की तारें लगाए जाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।