Kangra: तीन सप्ताह बंद रहेगा पालमपुर सिविल अस्पताल का ब्लड बैंक

Edited By Kuldeep, Updated: 01 Oct, 2026 09:59 PM

palampur hospital blood bank closed

सिविल अस्पताल पालमपुर का ब्लड बैंक मुरम्मत एवं मैंटीनैंस कार्य के चलते करीब तीन सप्ताह तक बंद रहेगा। ब्लड बैंक में उपलब्ध करीब 125 यूनिट रक्त को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं चिकित्सालय टांडा भेज दिया गया है।

पालमपुर (भृगु): सिविल अस्पताल पालमपुर का ब्लड बैंक मुरम्मत एवं मैंटीनैंस कार्य के चलते करीब तीन सप्ताह तक बंद रहेगा। ब्लड बैंक में उपलब्ध करीब 125 यूनिट रक्त को डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं चिकित्सालय टांडा भेज दिया गया है। अस्पताल परिसर के दूसरे हिस्से में ब्लड बैंक को अस्थायी रूप से शिफ्ट करने का प्रयास किया गया, लेकिन निर्धारित नियमों के तहत इसकी अनुमति नहीं मिल सकी। ब्लड बैंक बंद रहने के दौरान पालमपुर के अलावा जयसिंहपुर, बैजनाथ, धीरा और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को रक्त की जरूरत पड़ने पर टांडा मैडीकल कॉलेज पर निर्भर रहना होगा।

आपातकालीन स्थिति, प्रसव, दुर्घटना और ऑप्रेशन के मामलों में मरीजों के तीमारदारों को रक्त की व्यवस्था के लिए अतिरिक्त समय और संसाधन जुटाने पड़ सकते हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार ब्लड बैंक के भवन में मुरम्मत का कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाया जा रहा है। विभाग से कार्य जल्द पूरा करने का आग्रह किया गया है। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों और तीमारदारों से रक्त की आवश्यकता होने पर अंतिम समय तक इंतजार न करने तथा चिकित्सकों की सलाह के अनुसार समय रहते टांडा मैडीकल कॉलेज से समन्वय करने की अपील की है।

सिविल अस्पताल पालमपुर के एमएस डॉ. तिलक भागड़ा का कहना है कि ब्लड बैंक की मुरम्मत एवं मैंटीनैंस के कारण इसे फिलहाल बंद किया गया है। उपलब्ध रक्त यूनिट्स को टांडा मैडीकल कॉलेज शिफ्ट कर दिया गया है। कार्य शीघ्र पूरा करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग से आग्रह किया गया है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!