नेपाल त्रासदी: अपनों की तलाश के लिए मंडी प्रशासन ने कसी कमर, स्थापित किया स्पैशल हैल्प डैस्क

Edited By Vijay, Updated: 27 Aug, 2026 01:18 PM

nepal tragedy mandi administration setup help desk

पड़ोसी देश नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद वहां के हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा के बीच यदि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का कोई भी नागरिक नेपाल में फंसा है या लापता है, तो उनकी सुरक्षित वापसी के लिए मंडी जिला प्रशासन ने पूरी तरह से कमर...

मंडी (रजनीश): पड़ोसी देश नेपाल में आई भयानक बाढ़ के बाद वहां के हालात चिंताजनक बने हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा के बीच यदि हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले का कोई भी नागरिक नेपाल में फंसा है या लापता है, तो उनकी सुरक्षित वापसी के लिए मंडी जिला प्रशासन ने पूरी तरह से कमर कस ली है। प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में एक विशेष हैल्प डैस्क स्थापित किया है।

परिजनों से तुरंत सूचना देने की अपील
अतिरिक्त उपायुक्त मंडी प्रियांशु खाती ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिले के लोगों से एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि मंडी का कोई भी व्यक्ति नेपाल में गया था और वर्तमान में बाढ़ के कारण वहां फंसा हुआ है, लापता है, या उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है तो परिवार वाले बिना एक पल की भी देरी किए प्रशासन को इसकी सूचना दें। परिजन अपने क्षेत्र के नजदीकी उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय में जाकर भी लापता व्यक्ति की आधिकारिक रिपोर्ट दर्ज करवा सकते हैं।

रैस्क्यू के लिए उच्च स्तर पर होगा समन्वय
प्रशासन का मुख्य फोकस नेपाल में फंसे मंडी के लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालना है। एडीसी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन को जैसे ही किसी लापता या फंसे हुए व्यक्ति की सूचना मिलेगी, उस डेटा को तुरंत संकलित किया जाएगा। इसके बाद संबंधित उच्च अधिकारियों और रैस्क्यू टीमों के साथ सीधा समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि प्रभावितों तक समय रहते राहत, बचाव और आवश्यक सहायता पहुंचाई जा सके।

इन नंबरों पर तुरंत सांझा करें जानकारी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वे प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए 24 घंटे तत्पर है। अपनों की जानकारी देने के लिए जिला प्रशासन ने आपातकालीन नंबर और संपर्क सूत्र जारी किए हैं।

टोल फ्री आपदा प्रबंधन हैल्पलाइन: 1077
आपातकालीन परिचालन केंद्र (लैंडलाइन): 01905-226201, 01905-226202, 01905-226203, 01905-226204
मोबाइल नंबर (वैकल्पिक): 85447-71889
ईमेल आईडी: ddma-man-hp@gov.in

जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि सूचना मिलते ही लापता व्यक्तियों की खोजबीन के लिए त्वरित और समयबद्ध कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!