Edited By Kuldeep, Updated: 27 May, 2026 07:46 PM

विकास खंड बड़ोह की ग्राम पंचायत सरूट से अल्पना शर्मा लगातार 7वीं बार प्रधान चुनी गई हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 124 मतों से पराजित कर एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित की।
नगरोटा बगवां (बिशन): विकास खंड बड़ोह की ग्राम पंचायत सरूट से अल्पना शर्मा लगातार 7वीं बार प्रधान चुनी गई हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 124 मतों से पराजित कर एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित की। अल्पना शर्मा ने वर्ष 1995 में पहली बार महिला आरक्षित सीट से चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और लगातार जनता का विश्वास जीतती रहीं। वर्ष 2005 में वह निर्विरोध प्रधान भी चुनी जा चुकी है।
करीब 30 वर्षों से लगातार जीत दर्ज कर रहीं अल्पना शर्मा ने कहा कि यह जनता के प्यार और आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा गांव के विकास के लिए ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करती रही हैं और आगे भी जनता की सेवा को प्राथमिकता देती रहेंगी। उन्होंने बताया कि एक समय दुर्घटना में स्पाइन फ्रैक्चर होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और निरंतर पंचायत कार्यों में सक्रिय रही। उनकी इसी सेवा भावना के कारण सरूट की जनता ने उन पर बार-बार भरोसा जताया है।