Edited By Kuldeep, Updated: 17 Aug, 2026 08:57 PM

नादौन पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तरकेड़ी गांव में दबिश देकर 2 मुख्य सरगना सहित 5 नशा तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
नादौन (जैन): नादौन पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तरकेड़ी गांव में दबिश देकर 2 मुख्य सरगना सहित 5 नशा तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 5.71 ग्राम चिट्टा, जले हुए नोट, एक छोटी इलैक्ट्रॉनिक वजन मशीन व सिल्वर रोल बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी नाजर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम ने रविवार देर रात तरकेड़ी निवासी संतोष भोला के घर पर जाल बिछाकर छापेमारी की। इस दौरान पांचों आरोपी एक कमरे में बैठकर नशा कर रहे थे व पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से आरोपियों को भागने का मौका तक नहीं मिला।
वहीं गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संतोष भोला निवासी तरकेड़ी, संजीव जहाजी निवासी बुढाणा, विशाल पटियाल निवासी बाड़ी रंगस, अमित कालिया निवासी जंदली राजपूता व साहिल शर्मा निवासी तरकेड़ी के रूप में हुई है। पुलिस ने सोमवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी नाजर सिंह ने बताया कि इस मामले में गहन छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि नादौन क्षेत्र में नशा तस्करों की कमर पूरी तरह से तोड़ी जाएगी, जिसके लिए नादौन पुलिस पूरा प्रयास कर रही है।