Hamirpur : थल सेना भर्ती के लिए अणु का मैदान तैयार, ADC ने की प्रबंधों की समीक्षा

Edited By Swati Sharma, Updated: 25 Sep, 2026 02:25 PM

hamirpur anu ground ready for army recruitment

थल सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास करने वाले युवाओं के ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया हेतु अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कालेज परिसर में 26 सितंबर से...

Hamirpur News : थल सेना में अग्निवीर भर्ती के तहत विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा पास करने वाले युवाओं के ग्राउंड टेस्ट, मेडिकल और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया हेतु अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड एवं डिग्री कालेज परिसर में 26 सितंबर से 6 अक्तूबर तक आयोजित की जा रही भर्ती रैली के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।

एडीसी अभिषेक गर्ग ने शुक्रवार सुबह एसडीएम संजीत सिंह, पुलिस और अन्य अधिकारियों के साथ रैली स्थल का जायजा लिया तथा थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन एवं सेना के अन्य अधिकारियों के साथ सभी आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा की। एडीसी ने बताया कि इस बार भर्ती रैली में जिला हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना जिलों के अभ्यर्थियों के अलावा क्लर्क श्रेणी की भर्ती के लिए प्रदेश के अन्य जिलों के युवाओं की भर्ती प्रक्रिया भी यहीं पर पूर्ण की जाएगी, जिससे अभ्यर्थियों की संख्या लगभग 4571 होगी। यानि प्रत्येक दिन लगभग 550 युवाओं का ग्राउंड टेस्ट होगा। यह प्रक्रिया 4 अक्तूबर को समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। मौसम खराब रहने की स्थिति के लिए 5 और 6 अक्तूबर को रिजर्व दिन रखे गए हैं।

पुलिस कर्मचारियों की तैनाती

एडीसी ने बताया कि रैली स्थल पर बिजली, पानी, अग्निशमन, शौचालय एवं सफाई, मेडिकल, इंटरनेट, कंप्यूटर्स-प्रिंटर्स और अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया गया है तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई है। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए शिक्षा विभाग, युवा सेवाएं एवं खेल विभाग, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों से भी अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं। पात्र उम्मीदवारों की मैदान में एंट्री तड़के से ही शुरू हो जाएगी। इस दौरान बस सेवा की व्यवस्था भी की जाएगी। एडीसी ने बताया कि रैली स्थल के आस-पास सेना एवं पुलिस द्वारा कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। उम्मीदवारों और डयूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अलावा मैदान में किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शारीरिक क्षमता एवं प्रदर्शन बढ़ाने वाली दवाइयों के प्रयोग की आशंका को देखते हुए केमिस्ट की दुकानों के संचालकों को भी स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए बाहर से आए सेना के लगभग 200 अधिकारियों एवं सैनिकों के रहने की व्यवस्था भी की गई है।

सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लाएं अभ्यर्थी: कर्नल श्रीधर राजन

थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने एडमिट कार्ड का अच्छी क्वालिटी का रंगीन प्रिंट साथ लेकर आएं, ताकि भर्ती रैली में बार कोड स्कैनिंग के माध्यम से एंट्री में कोई दिक्कत न आए। अभ्यर्थी वेबसाइट पर दिए गए सभी दिशा-निर्देशों का बारीकी से अध्ययन करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां और दो-दो सेल्फ अटैस्टड प्रतियां साथ लाएं। इन दस्तावेजों में एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित सभी प्रमाण पत्रों की तीन-तीन प्रतियां, अगर ओपन स्कूल से मैट्रिक की है तो अंतिम स्कूल के छोड़ने का प्रमाण पत्र जोकि सक्षम अधिकारी द्वारा काउंटर साइन किया हो, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, डोगरा क्लास या जाति प्रमाण पत्र, धर्म का प्रमाण पत्र, अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, सेवारत सैनिक या भूतपूर्व सैनिक के पुत्र का प्रमाण पत्र, अविवाहित होने का प्रमाण पत्र, अधिसूचना में दिए गए फॉरमेट पर ऐफिडेविट, क्लर्क या एसकेटी के लिए ओ-लेवल सर्टिफिकेट, एनसीसी और खेल गतिविधियों के प्रमाण पत्र, बैंक खाता, पैन कार्ड, अन्य दस्तावेज और 20 पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!