Edited By Vijay, Updated: 23 Jun, 2026 04:37 PM

पहाड़ों की रानी शिमला में ट्रैफिक जाम और पार्किंग की भारी किल्लत से जूझ रहे स्थानीय लोगों व पर्यटकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत शहर को जाम रहित बनाने के लिए 4 बड़ी कार पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है।
शिमला (वंदना): पहाड़ों की रानी शिमला में ट्रैफिक जाम और पार्किंग की भारी किल्लत से जूझ रहे स्थानीय लोगों व पर्यटकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत शहर को जाम रहित बनाने के लिए 4 बड़ी कार पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को ऑकलैंड टनल के पास बनी शानदार बहुमंजिला पार्किंग आम जनता को समर्पित कर दी गई। राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसका विधिवत उद्घाटन किया।
आईजीएमसी जाने वाले मरीजों के लिए बनी संजीवनी
करीब 7.60 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुई इस आधुनिक पार्किंग में एक साथ 150 वाहन खड़े करने की सुविधा है। इस पार्किंग के शुरू होने से सबसे बड़ा फायदा आईजीएमसी अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को मिलेगा। गौरतलब है कि आईजीएमसी के पास 700 वाहनों की क्षमता वाली एक विशाल पार्किंग का निर्माण कार्य भी चल रहा है। चूंकि उस बड़े प्रोजैक्ट को पूरा होने में अभी समय लगेगा, इसलिए ऑकलैंड टनल की यह नई पार्किंग फिलहाल अस्पताल पहुंचने वाले लोगों के लिए संजीवनी का काम करेगी और सड़क किनारे लगने वाले जाम से निजात दिलाएगी।
बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम कर रही सरकार : सीएम
उद्घाटन के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि शिमला शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे सड़कों पर ट्रैफिक का भारी दबाव पड़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार शहर में नई पार्किंग सुविधाओं का जाल बिछा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम भी अपने स्तर पर इस दिशा में बेहतरीन काम कर रहा है। इस खास मौके पर लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह, स्थानीय विधायक हरीश जनारथा, मेयर सुरेंद्र चौहान, डिप्टी मेयर उमा कौशल और वार्ड पार्षद मीना चौहान समेत नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
लोकल बस स्टैंड की पार्किंग भी बनकर तैयार, उद्घाटन का इंतजार
स्मार्ट सिटी प्रोजैक्ट के तहत सिर्फ ऑकलैंड ही नहीं, बल्कि लोकल बस स्टैंड पर भी लोक निर्माण विभाग द्वारा एक और बहुमंजिला पार्किंग पूरी तरह से बनकर तैयार कर ली गई है। अब स्थानीय लोगों को बस इसके उद्घाटन का बेसब्री से इंतजार है। इस इमारत के शुरू होने से न केवल पार्किंग की बेहतरीन सुविधा मिलेगी, बल्कि उन स्थानीय कारोबारियों के अच्छे दिन भी लौटेंगे, जिन्हें निर्माण के दौरान निगम ने अस्थायी तौर पर दूसरी जगह शिफ्ट किया था। जल्द ही इन कारोबारियों को यहां दुकानें आबंटित की जाएंगी, जिससे उनका व्यापार फिर से रफ्तार पकड़ सकेगा।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें