Edited By Vijay, Updated: 10 Jul, 2026 07:52 PM

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जल शक्ति विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी को 428 ग्राम अफीम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इंदौरा/ठाकुरद्वारा (अजीज/गगन): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए जल शक्ति विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी को 428 ग्राम अफीम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी नशे की इस खेप को अपनी मोटरसाइकिल पर ले जा रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि मण्ड घंडरां क्षेत्र में एक व्यक्ति नशीले पदार्थों की तस्करी की की गतिविधियों में संलिप्त है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस ने मण्ड घंडरां स्थित जल शक्ति विभाग के नलकूप (ट्यूबवैल) के पास उक्त व्यक्ति को दबोच लिया। जब उसकी मोटरसाइकिल की तलाशी ली गई, तो उसमें से 428 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसे पुलिस ने तुरंत कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 31 वर्षीय सुमित ठाकुर के रूप में हुई है। वह गांव मलकाना, डाकघर पराल व तहसील इंदौरा का रहने वाला है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी जल शक्ति विभाग में ही बतौर मल्टी टास्क वर्कर कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
एएसपी ने बताया कि पुलिस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने में जुट गई है। पुलिस की जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि आरोपी इतनी भारी मात्रा में अफीम कहां से खरीद कर लाया था और इसे आगे किन लोगों को बेचा जाना था। पुलिस इस पूरे नशा तस्करी नैटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों का पर्दाफाश करने के लिए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें