राम मंदिर चंदा विवाद पर मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने BJP को घेरा, बोले-SC के सिटिंग जज की निगरानी में हो मामले की जांच

Edited By Vijay, Updated: 03 Jul, 2026 10:13 PM

minister vikramaditya singh targeted bjp over ram temple donation controversy

हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर भाजपा पर तीखा जुबानी हमला बोला है। शुक्रवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने मांग की है कि....

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राम मंदिर चंदा विवाद को लेकर भाजपा पर तीखा जुबानी हमला बोला है। शुक्रवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्होंने मांग की है कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले की जांच सीबीआई या किसी एसआईटी से नहीं, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में करवाई जानी चाहिए, ताकि निष्पक्षता के साथ सच्चाई जनता के सामने आ सके। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने वर्षों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति की, आज उन्हीं पर मंदिर के चंदे में गड़बड़ी के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर 'राम भक्त' कब 'राम के लुटेरे' बन गए? यह पूरे देश के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भगवान राम के प्रति उनकी गहरी आस्था है, और यही वजह है कि वह राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने वाले हिमाचल प्रदेश के एकमात्र मंत्री थे।

भगवान के घर में दोनों हाथों से मची है लूट
लोक निर्माण मंत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आज भगवान के मंदिर में भी दोनों हाथों से लूट मची हुई है। उन्होंने कहा कि यदि भगवा धारण करने वाले लोग भगवान राम को नहीं बख्श सके, तो वे हिमाचल की जनता को कैसे छोड़ेंगे? देश देख रहा है कि मंदिर ट्रस्ट के सदस्य तक अपने पदों से इस्तीफे दे रहे हैं, जो इस बात का प्रमाण है कि इस पूरे मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि करोड़ों रुपए के चंदे में जो अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, उनमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और सर्वोच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में जांच होने से ही लोगों का विश्वास कायम रहेगा।

बीडीसी और नगर परिषदों में कांग्रेस का दबदबा बरकरार
अपने विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक समिति (बीडीसी) अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की जीत पर विक्रमादित्य सिंह ने खुशी जाहिर की और इसे जनता के विश्वास की जीत करार दिया। उन्होंने दावा किया कि ब्लॉक समितियों के साथ-साथ नगर पंचायतों और नगर परिषदों में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। चुनाव प्रक्रिया पर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां कांग्रेस के पास बहुमत है, वहां कांग्रेस अपने पदाधिकारी बना रही है और जहां भाजपा को बहुमत मिला है, वहां भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और जनादेश का सम्मान करना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।

गुटों में बंटी है भाजपा, ध्यान भटकाने के लिए लगा रही आरोप
भाजपा पर पलटवार करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल इस समय भारी आंतरिक गुटबाजी का शिकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा इस समय प्रेम कुमार धूमल, जेपी नड्डा, जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर के गुटों में बंटी हुई है। भाजपा के नेता एक-दूसरे को कमजोर करने की होड़ में लगे हुए हैं। अपनी इस अंदरूनी कलह को छिपाने और जनता का ध्यान भटकाने के लिए ही वे कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

सड़कों की डीपीआर में अब नालियों का प्रावधान होगा अनिवार्य
राजनीतिक मुद्दों के अलावा लोक निर्माण मंत्री ने विभागीय कार्यों पर भी अहम जानकारी दी। बरसात के मौसम में सड़कों पर जलभराव की समस्या का संज्ञान लेते हुए उन्होंने घोषणा की कि भविष्य में सड़क निर्माण से जुड़ी सभी डीपीआर में नालियो का प्रावधान सुनिश्चित किया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य वर्षा के दौरान पानी की निकासी को सुचारू रखना है, ताकि सड़कों को टूटने से बचाया जा सके और आपदा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!