'राजीव और मनमोहन के समय नहीं होते थे पेपर लीक', NEET विवाद पर CM सुक्खू का मोदी सरकार पर तीखा हमला

Edited By Vijay, Updated: 20 Jun, 2026 07:34 PM

cm sukhvinder singh sukhu

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि भाजपा कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि नीट जैसे पेपर के लीक होने के बावजूद केंद्र सरकार की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि भाजपा कार्यकाल में पेपर लीक की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि नीट जैसे पेपर के लीक होने के बावजूद केंद्र सरकार की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर हुई इस लापरवाही से देश के लाखों बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी व डॉ. मनमोहन सिंह के प्रधानमंत्री के पद पर रहते हुए कभी भी पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने नहीं आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा सरकार के समय अधीनस्थ चयन बोर्ड हमीरपुर पेपर लीक का अड्डा बन गया था, जहां से पुलिस भर्ती जैसे पेपर लीक हुए। इसी तरह चयन बोर्ड से पेपर को बेचा जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने इसकी कोई जांच नहीं करवाई। बाद में कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद चयन बोर्ड को भंग किया तथा पेपर बेचने वालों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।

नीट पेपर देने वालों को मिलेगी नि:शुल्क बस सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने नीट पेपर देने वालों को नि:शुल्क बस सुविधा उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के कारण परेशान युवाओं को सरकार राहत देना चाहती है, ताकि वह तनाव मुक्त होकर परीक्षा स्थल पर पहुंच सके। 

मानसून से निपटने के लिए सरकार तैयार
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मानसून की वर्षा के कारण आई प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए राज्य सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर पुल टूट जाते हैं, तो सप्ताह के भीतर दूसरा वैली पुल बना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात के अनुभव से सरकार ने बहुत कुछ सीखा है और उसी के हिसाब से स्थिति से निपटने के लिए राज्य सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि मौसम परिवर्तन के कारण प्रदेश के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे प्राकृतिक आपदाएं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में देश के दूसरे पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में भी ऐसी प्राकृतिक आपदाएं आ सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!