Edited By Vijay, Updated: 15 Apr, 2026 07:03 PM

शिमला पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। अगस्त, 2025 में दर्ज चिट्टा तस्करी के एक मामले में बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए पुलिस ने हरियाणा के अंबाला से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
शिमला (ब्यूरो): शिमला पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। अगस्त, 2025 में दर्ज चिट्टा तस्करी के एक मामले में बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए पुलिस ने हरियाणा के अंबाला से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस नैटवर्क में अब तक कुल 9 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की पड़ताल के बाद कर्ण (34) निवासी पंचकूला (हाल निवासी जीरकपुर) को अंबाला से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि कर्ण का इस ड्रग नैटवर्क के मुख्य आरोपियों के साथ सीधा संपर्क था। उसके और सह-अभियुक्तों के बीच लगभग 10 लाख के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन के पुख्ता साक्ष्य मिले हैं। आरोपी ड्रग सिंडिकेट को फंडिंग और समन्वय प्रदान करने का काम करता था।
नशे की दुनिया का पुराना खिलाड़ी है तस्कर, कई जगह दर्ज हैं मुकद्दमे
पकड़ा गया आरोपी करण कोई नौसिखिया नहीं है, बल्कि वह मादक पदार्थ तस्करी का पुराना खिलाड़ी है। उसके विरुद्ध हरियाणा के पंचकूला, पिंजौर और चंडी मंदिर थानों में पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत कई संगीन मामले दर्ज हैं। यह पूरा मामला 22 अगस्त, 2025 को शुरू हुआ था, जब रामपुर पुलिस ने सांगला (किन्नौर) के तीन युवकों प्रशांत नेगी, अविनाश ठाकुर और देवन जोश को 17.150 ग्राम चिट्टा के साथ पकड़ा था। जांच आगे बढ़ी तो इसमें राजदीप, कृष्ण कुमार, इवान, हिमांशु और परविंदर जैसे अन्य मोहरों की गिरफ्तारी हुई। कर्ण की गिरफ्तारी इस संगठित नैटवर्क की जड़ों तक पहुंचने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।
कोर्ट ने रिमांड पर भेजा आरोपी
उधर, पुलिस ने आरोपी को काेर्ट में पेश किया, जहां से उसे 16 अप्रैल तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि इस ड्रग चेन के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी लड़ाई केवल नशा पकड़ने तक नहीं, बल्कि पूरे तस्करी नैटवर्क को जड़ से उखाड़ने तक जारी रहेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें