Edited By Vijay, Updated: 25 Aug, 2026 04:29 PM

हिमाचल प्रदेश में युवाओं तक नशे की खेप पहुंचाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय नैटवर्क का शिमला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस प्रतिबंधित कफ सिरप (कोडीन) सप्लाई नैटवर्क के तार पड़ोसी राज्य उत्तराखंड से जुड़े मिले हैं।
शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश में युवाओं तक नशे की खेप पहुंचाने वाले एक बड़े अंतर्राज्यीय नैटवर्क का शिमला पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस प्रतिबंधित कफ सिरप (कोडीन) सप्लाई नैटवर्क के तार पड़ोसी राज्य उत्तराखंड से जुड़े मिले हैं। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे नैटवर्क को एक महिला ऑप्रेट कर रही थी। शिमला (नेरवा) पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज की जांच करते हुए देहरादून में दबिश दी और मुख्य सप्लायर 35 वर्षीय मनीषा राणा को गिरफ्तार कर लिया है।
कॉल डिटेल और ऑनलाइन पेमैंट से फंसी लेडी सप्लायर
शिमला पुलिस ने इस गिरोह की जड़ तक पहुंचने के लिए डिजिटल साक्ष्यों का सहारा लिया। पुलिस तफ्तीश में सामने आया कि शिमला में नशीले कफ सिरप की सप्लाई के लिए तस्करों ने देहरादून बैठी मनीषा राणा से फोन पर संपर्क किया था। इसके अलावा, नशे की खेप खरीदने के लिए मनीषा को ऑनलाइन पेमैंट भी की गई थी। इन्हीं डिजिटल सुरागों ने पुलिस को सीधे इस लेडी मास्टरमाइंड तक पहुंचा दिया, जिसके बाद पुलिस टीम ने देहरादून जाकर उसे दबोच लिया।
6 अगस्त को पकड़ी गई थी खेप
जानकारी के अनुसार नेरवा पुलिस की टीम ने 6 अगस्त को नाकाबंदी के दौरान एक वाहन से बिना लेबल वाली कोडीन आधारित 5 सीलबंद बोतलें (कफ सिरप) बरामद की थीं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। इन्हीं दोनों आरोपियों से पूछताछ और मोबाइल डेटा खंगालने पर देहरादून कनैक्शन का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। रिमांड के दौरान इस नैटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायर्स के नाम भी सामने आने की उम्मीद है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें