Edited By Vijay, Updated: 13 Sep, 2026 04:18 PM

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले युवा लेखक ईशांत शर्मा ने अपनी कलम की ताकत से राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विकास खंड प्रागपुर की ग्राम पंचायत सेहरी के बलदोह निवासी ईशांत की पहली...
प्रागपुर (सन्नी): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले युवा लेखक ईशांत शर्मा ने अपनी कलम की ताकत से राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विकास खंड प्रागपुर की ग्राम पंचायत सेहरी के बलदोह निवासी ईशांत की पहली ही पुस्तक ‘प्रेम, वासना और जीवन’ को राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है।
दिल्ली में मिला प्रतिष्ठित प्रसिद्धि पुरस्कार
जानकारी के अनुसार ईशांत शर्मा की इस पुस्तक को प्रतिष्ठित मंच प्रसिद्धि पुरस्कार में युवाओं के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रेरणादायी पुस्तक के सम्मान के लिए चुना गया। नई दिल्ली में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान हॉलीवुड के प्रसिद्ध लेखक, निर्देशक एवं संपादक आंद्रे वेलेंकोर्ट के हाथों प्रदान किया गया। एक ग्रामीण परिवेश से निकलकर हॉलीवुड की दिग्गज हस्ती के हाथों दिल्ली में सम्मानित होना ईशांत और पूरे हिमाचल के लिए गर्व का विषय है।
युवाओं की सोच पर आधारित है पुस्तक
बताया जा रहा है कि ईशांत की यह पहली पुस्तक ‘प्रेम, वासना और जीवन’ अप्रैल में प्रकाशित हुई थी। इस पुस्तक में लेखक ने प्रेम, मानवीय रिश्तों और जीवन की वास्तविकताओं को आज के युवाओं की सोच और नजरिए के अनुसार बेहद संवेदनशील व प्रेरणादायी तरीके से उकेरा है। यही कारण है कि पुस्तक प्रकाशन के कुछ समय बाद ही यह 200 से अधिक राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय डिजिटल मंचों पर चर्चा का विषय बन गई।
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर के साहित्यिक मंच पर अपनी पहचान बनाना ईशांत शर्मा की कड़ी मेहनत और साहित्य के प्रति उनके गहरे समर्पण को दर्शाता है। ईशांत की इस शानदार उपलब्धि पर जसवां-परागपुर क्षेत्र में खुशी की लहर है और वह स्थानीय युवाओं के लिए एक बड़े प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें