Edited By Kuldeep, Updated: 11 Aug, 2026 10:01 PM

पुलिस थाना इंदौरा के तहत मंड घंडरा गांव में अपने खेत में हो रहे कथित अवैध खनन का विरोध करना एक दंपति को भारी पड़ गया।
इंदौरा (अजीज): पुलिस थाना इंदौरा के तहत मंड घंडरा गांव में अपने खेत में हो रहे कथित अवैध खनन का विरोध करना एक दंपति को भारी पड़ गया। खेत से बिना अनुमति रेत भर रहे ट्रैक्टर को रोकने पर दो युवकों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट की। इस दौरान पत्नी पर तेजधार हथियार से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। घायल दंपति को पड़ोसी सिविल अस्पताल इंदौरा ले गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सिविल अस्पताल नूरपुर रैफर किया गया। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्त्ता कुलदीप सिंह पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी मंड घंडरा ने बताया कि 10 और 11 अगस्त की मध्यरात्रि करीब 11 बजे उसे अपने खेतों से ट्रैक्टर की आवाज सुनाई दी। पत्नी निशा कौर के साथ मौके पर पहुंचने पर उसने गांव के ही सुरजीत सिंह को खेत से रेत भरते देखा। पूछताछ करने पर सुरजीत ने बताया कि वह सुच्चा सिंह के कहने पर रेत भर रहा है।
आरोप है कि कुछ देर बाद सुच्चा सिंह भी मौके पर पहुंचा और कुलदीप सिंह के साथ गाली-गलौच व मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई निशा कौर पर भी हमला किया गया और तेजधार हथियार से वार कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने कुलदीप के साथ दोबारा मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुरजीत सिंह पुत्र चैन सिंह और सुच्चा सिंह पुत्र बलबीर सिंह, दोनों निवासी मंड घंडरा, तहसील इंदौरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 352, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।