Edited By Kuldeep, Updated: 21 Sep, 2026 11:02 AM

वन परिक्षेत्र इंदौरा में अवैध वन कटान और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने पिछले छह माह में कार्रवाई करते हुए 56 वाहन पकड़े हैं।
इंदौरा (अजीज): वन परिक्षेत्र इंदौरा में अवैध वन कटान और वन संपदा की तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने पिछले छह माह में कार्रवाई करते हुए 56 वाहन पकड़े हैं। इनमें 13 वाहन खैर की लकड़ी के अवैध परिवहन से जुड़े थे, जिनसे करीब 600 मौछे खैर बरामद किए गए। 10 मामलों में नामजद मुकद्दमे दर्ज किए गए हैं, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। अवैध वन कटान से जुड़े मामलों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य मामलों में कार्रवाई करते हुए विभाग ने करीब 13 लाख रुपए जुर्माना वसूला है। वन विभाग की ओर से संवेदनशील वन क्षेत्रों में लगातार गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान तीन ऐसे वाहन भी पकड़े गए, जिन पर पंजीकरण, ढांचा अथवा इंजन नंबर दर्ज नहीं था। इन वाहनों को आगामी कार्रवाई के लिए कब्जे में लिया गया है।
वन बल की कमी बनी चुनौती
वन संपदा की दृष्टि से संवेदनशील इंदौरा क्षेत्र में निगरानी के लिए पर्याप्त वन बल की आवश्यकता है। कर्मचारियों की कमी के बावजूद विभागीय अमला दिन-रात गश्त कर अवैध कटान और परिवहन पर नजर रख रहा है। वन विभाग के अनुसार स्थानीय लोगों का सहयोग भी मिल रहा है। वन परिक्षेत्र अधिकारी अब्दुल हमीद का कहना है कि संवेदनशीलता को देखते हुए वन खंड अधिकारी, वन रक्षकों और वन मित्रों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। दिन-रात गश्त की जा रही है और वन माफिया के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।