Edited By Vijay, Updated: 05 May, 2026 04:27 PM

मई माह में एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में आयोजित होने वाले आईपीएल के तीन महत्वपूर्ण मैचों के लिए कांगड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
धर्मशाला (सुनील): मई माह में एचपीसीए स्टेडियम धर्मशाला में आयोजित होने वाले आईपीएल के तीन महत्वपूर्ण मैचों के लिए कांगड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासन ने सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
सफलतापूर्वक पूरी हुई 4 माॅक ड्रिल्स
एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला प्रशासन ने मैचों के दौरान किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से निर्धारित सभी 4 माॅक ड्रिल्स सफलतापूर्वक संपन्न कर ली हैं। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं।
सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार
एडीएम ने स्पष्ट किया कि आयोजन स्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम में आने वाले बड़ी संख्या में दर्शकों, खिलाड़ियों, वीआईपी , वीवीआईपी, मीडिया प्रतिनिधियों और आयोजन कर्मियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। आयोजित माॅक अभ्यास के दौरान न केवल विभागों की प्रतिक्रिया क्षमता को परखा गया, बल्कि संसाधनों की उपलब्धता, संचार प्रणाली, निकासी योजना, भीड़ नियंत्रण और अंतर-विभागीय समन्वय का भी व्यापक मूल्यांकन किया गया।
आपातकालीन संचालन केंद्र रखेगा नजर
मैचों के दौरान किसी भी आपात स्थिति पर त्वरित कार्रवाई के लिए आपातकालीन संचालन केंद्र द्वारा निरंतर निगरानी रखी जाएगी। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे 24 घंटे सतर्क रहें।
सुरक्षा प्रोटोकाॅल का पालन करना अनिवार्य
जिला प्रशासन ने आमजन और दर्शकों से अपील की है कि मैचों के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। पार्किंग व्यवस्था, प्रवेश-निकास नियमों और सुरक्षा प्रोटोकाॅल का पालन करना अनिवार्य है। इसके साथ ही, किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या आपातकालीन स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें। एडीएम ने विश्वास जताया कि सभी विभागों और सहयोगी एजैंसियों के आपसी समन्वय से ये आईपीएल मैच सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें