हिमाचल में गर्मी ने दिखाए तेवर, ऊना में पारा 41 डिग्री के पार, जानें आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम

Edited By Vijay, Updated: 24 Apr, 2026 07:44 PM

himachal weather update

हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के मैदानी और पहाड़ी दोनों ही क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राज्य के मैदानी और पहाड़ी दोनों ही क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम केंद्र शिमला द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार शुक्रवार को ऊना जिला राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है।

प्रमुख शहरों का हाल
राजधानी शिमला में भी अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक है। इसके अलावा अन्य शहरों में भी पारा चढ़ा हुआ है। कांगड़ा में अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री (सामान्य से 8 डिग्री अधिक), सुंदरनगर में 36.3 डिग्री, मंडी में 36.2 डिग्री और नाहन में 35.1 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फिलहाल, प्रदेश में कहीं भी बारिश या बर्फबारी नहीं हुई है, जिससे शुष्क मौसम के बीच गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है।

सक्रिय होने जा रहा नया पश्चिमी विक्षोभ, बदलेंगे मौसम के मिजाज 
प्रदेशवासियों के लिए राहत की खबर यह है कि जल्द ही भीषण गर्मी से निजात मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव आएगा। मौसम विभाग ने 25 और 28 अप्रैल को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ यैलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 26 और 27 अप्रैल को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय जिलों में व्यापक स्तर पर बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

तापमान में आएगी 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानी इलाकों में भी बादलों की आवाजाही रहेगी और हल्की बारिश के आसार हैं। इससे ऊना और कांगड़ा जैसे गर्म जिलों में हीट वेव से राहत मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। यह राहत न केवल आम जनता को तपती गर्मी से निजात दिलाएगी, बल्कि कृषि और बागवानी के लिए भी संजीवनी का काम करेगी।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!