Edited By Vijay, Updated: 22 May, 2026 11:48 PM

भीषण गर्मी का सामना कर रहे हिमाचल प्रदेश के लोगों को शुक्रवार को मौसम के बदले मिजाज से बड़ी राहत मिली है। राज्य में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है....
शिमला (संतोष): भीषण गर्मी का सामना कर रहे हिमाचल प्रदेश के लोगों को शुक्रवार को मौसम के बदले मिजाज से बड़ी राहत मिली है। राज्य में मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ है, जबकि राजधानी शिमला, ऊना और मंडी सहित राज्य के अन्य हिस्सों में झमाझम बारिश और तेज हवाएं चली हैं। इस बदलाव के चलते प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में औसतन 6.3 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
रोहतांग और शिंकुला में बर्फीला तूफान, सड़कों पर फिसलन
लाहौल-स्पीति जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम पूरी तरह से सर्दियों जैसा हो गया है। यहां रोहतांग दर्रा, बारालाचा और शिंकुला टॉप पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। इन क्षेत्रों में बर्फीला तूफान भी चला, जिसके कारण सड़कों पर फिसलन की स्थिति बन गई है और आवाजाही को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
शिमला में ओलावृष्टि, ऊना में बारिश से राहत
राजधानी शिमला में बारिश के साथ-साथ तेज अंधड़ (तूफान) चला और हल्की ओलावृष्टि भी रिकॉर्ड की गई। वहीं, प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में शुमार ऊना में भी बारिश की फुहारों ने लोगों को तपिश से फौरी राहत पहुंचाई है। हालांकि, तापमान में आई भारी गिरावट के बावजूद ऊना शुक्रवार को 38 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा।
जानें कहां कितनी हुई बारिश
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर बारिश रिकॉर्ड की गई है। कल्पा में 13.4 मिलीमीटर, भुंतर और मनाली में 10-10 मिलीमीटर मंडी में 4 मिलीमीटर, शिमला व सुंदरनगर में 2-2 मिलीमीटर, सोलन में 1.8 मिलीमीटर, कुफरी (फागू) व धर्मशाला में 1-1 मिलीमीटर, नेरी में 0.5 मिलीमीटर, कांगड़ा में 0.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा जुब्बड़हट्टी में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई है।
आगामी 3-4 दिनों में फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार यह राहत लंबे समय तक नहीं टिकने वाली है। 24 मई और 25 मई को भी राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है,लेकिन इसके बाद आगामी 3-4 दिनों में तापमान में फिर से 2 से 5 डिग्री सैल्सियस तक की बढ़ौतरी होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 26 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हीट वेव (लू) चलने की संभावना है, जिसके लिए यैलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें