हिमाचल कैबिनेट को लेकर दिल्ली में घमासान, एसीसी-अंबुजा सीमैंट कंपनियों को सरकार का झटका, पढ़ें HP की 10 बड़ी खबरें

Edited By Vijay, Updated: 19 Dec, 2022 06:48 AM

himachal top 10 news

कांग्रेस नेताओं के दिल्ली पहुंचने पर अब पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश में मंत्रिमंडल गठन को लेकर घमासान शुरू हो गया है। तालाबंदी करने वाली अंबुजा व एसीसी कंपनियों को सरकार ने झटका दिया है। दाड़लाघाट स्थित अंबुजा सीमेंट प्लांट बंद होने के...

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस नेताओं के दिल्ली पहुंचने पर अब पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश में मंत्रिमंडल गठन को लेकर घमासान शुरू हो गया है। तालाबंदी करने वाली अंबुजा व एसीसी कंपनियों को सरकार ने झटका दिया है। दाड़लाघाट स्थित अंबुजा सीमेंट प्लांट बंद होने के बाद शनिवार को अदानी समूह के साथ हुई ट्रांसपोर्ट्स की बैठक बेनतीजा रही। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के ऑफिसर स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी)  रिटायर आईएएस अधिकारी गोपाल शर्मा होंगे। एचआरटीसी बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत छूट दिए जाने के मामले पर अब प्रदेश के निजी बस ऑप्रेटर्ज सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। पिछले 4 दिन से एसीसी सीमैंट फैक्टरी के बंद होने के चलते गुस्साए बरमाणा बीडीटीएस सभा के सभी सदस्यों ने डिमांड हाल से पैदल मार्च कर बरमाणा चौक स्थित एसीसी के मुख्य द्वार पर शांति पूर्वक प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का गठन होने के बाद अनिश्चितता का माहौल बना है। अंडर-19 विश्व कप 2012 में भारतीय टीम के खिलाड़ी प्रशांत चोपड़ा रणजी ट्रॉफी में 3500 रन पूरे करने वाले 5वें हिमाचली बन गए हैं। हिमाचल में सूखे जैसे हालात होने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह मौसम साफ रहेगा।

पढ़ें हिमाचल की बड़ी खबरें सिर्फ यहां

हिमाचल मंत्रिमंडल गठन को लेकर दिल्ली में घमासान, केंद्रीय नेताओं से मिले सीएम सुक्खू
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और अन्य कांग्रेस विधायक दिल्ली लौट आएंगे। कांग्रेस नेताओं के दिल्ली पहुंचने पर अब पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेश में मंत्रिमंडल गठन को लेकर घमासान शुरू हो गया है। ऐसे में मंत्री पद के दावेदार नेता भी अपने पक्ष में लॉबिंग कर रहे हैं।

तालाबंदी करने वाली सीमैंट कंपनियों को सरकार ने दिया बड़ा झटका
तालाबंदी करने वाली अंबुजा व एसीसी कंपनियों को सरकार ने झटका दिया है। इसके तहत सरकारी स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों के लिए खरीदे जाने वाले सीमैंट के जो आदेश पहले अंबुजा व एसीसी को दिए गए थे, उसे रद्द कर दिया गया है। अब सरकार इसकी खरीद अल्ट्राटैक बाघा से करेगी। मुख्य सचिव आरडी धीमान के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है। 

अदानी कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों ने झाड़ा पल्ला, बेनतीजा रही ट्रांसपोर्ट्स की बैठक
दाड़लाघाट स्थित अंबुजा सीमेंट प्लांट बंद होने के बाद शनिवार को अदानी समूह के साथ हुई ट्रांसपोर्ट्स की बैठक बेनतीजा रही। डीसी सोलन कृतिका कुलहरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कोई सहमति नहीं बन पाई। जानकारी के अनुसार कंपनी प्रबंधन के अधिकारी मनोज जिंदल ने मामले से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया। जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्टर्स यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश गुप्ता ने कहा कि डीसी कार्यालय में हुई बैठक बेनतीजा रही। 

रिटायर IAS गोपाल शर्मा होंगे CM सुक्खू के ओएसडी
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के  ऑफिसर स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी)  रिटायर आईएएस अधिकारी गोपाल शर्मा होंगे। मुख्य सचिव आरडी धीमान ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। गोपाल शर्मा नादौन में एसडीएम और हमीरपुर में एसी टू डीसी रह चुके हैं। काबिल अफसरों में गिने जाने वाले गोपाल शर्मा 31 जनवरी 2020 को रिटायर हुए थे। 

महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत छूट पर सुप्रीम कोर्ट जाएंगे निजी बस ऑप्रेटर्ज
एचआरटीसी बसों में महिलाओं को किराए में 50 प्रतिशत छूट दिए जाने के मामले पर अब प्रदेश के निजी बस ऑप्रेटर्ज सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। हाईकोर्ट में एचआरटीसी बसों में महिलाओं के किराए में 50 प्रतिशत किराए के मामले के खारिज होने के बाद बस ऑप्रेटर्ज ने फैसला लिया है कि पहले वह फैसले की कॉपी का इंतजार करेंगे और इसके बाद कानूनी सलाह लेंगे और विचार-विमर्श कर इसके बाद अगला कदम उठाएंगे। 

एसीसी सीमैंट फैक्टरी बंद होने पर बरमाणा में ट्रक ऑप्रेटर्ज ने किया प्रदर्शन
पिछले 4 दिन से एसीसी सीमैंट फैक्टरी के बंद होने के चलते गुस्साए बरमाणा बीडीटीएस सभा के सभी सदस्यों ने डिमांड हाल से पैदल मार्च कर बरमाणा चौक स्थित एसीसी के मुख्य द्वार पर शांति पूर्वक प्रदर्शन किया। इस दौरान कई संगठन एशिया की सबसे बड़ी परिवहन सभा बीडीटीएस को समर्थन देने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान बरमाणा सीमैंट नगरी पहले से पुलिस छावनी में तबदील हो गई थी। 

कांग्रेस सरकार बनने के बाद प्रदेश में अनिश्चितता का माहौल बना : जयराम
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का गठन होने के बाद अनिश्चितता का माहौल बना है। उन्होंने अब तक प्रदेश में मंत्रिमंडल का गठन न होने पर आश्चर्य जताया। जयराम ठाकुर यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नेता प्रतिपक्ष किसे बनाया जाना है, इसे केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा तथा इस पर विधायक दल बैठक में मुहर लगेगी। 

जेपी नड्डा के पास पहुंचा सीमैंट फैक्टरियों की तालाबंदी का मुद्दा
बरमाणा व दाड़लाघाट स्थित सीमैंट फैक्टरियों में प्रबंधन वर्ग को तालाबंदी किए 4 दिन हो चुके हैं, लेकिन न तो ट्रक ऑप्रेटर्ज व प्रबंधन वर्ग के बीच इस गतिरोध को दूर करने के  लिए कोई ठोस व तार्किक बातचीत हो पाई है और न ही प्रदेश सरकार की ओर से अभी इस मुद्दे को सुलझाने के लिए बड़े स्तर पर मध्यस्थता कर बातचीत करने की शुरूआत हो पाई है, ऐसे में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का गृह प्रदेश व बरमाणा सीमैंट फैक्टरी के उनके गृह जिले बिलासपुर में होने के चलते इस तालाबंदी के कारण गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हजारों ट्रक ऑप्रेटर्ज व अन्य प्रभावित परिवारों की आस भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा से बंधी है।

रणजी ट्र्रॉफी में 3500 रन पूरे करने वाले 5वें हिमाचली बने प्रशांत चोपड़ा
अंडर-19 विश्व कप 2012 में भारतीय टीम के खिलाड़ी प्रशांत चोपड़ा रणजी ट्रॉफी में 3500 रन पूरे करने वाले 5वें हिमाचली बन गए हैं। रणजी ट्रॉफी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अभी तक 9 शतक जड़ दिए हैं। इसमें से 2 शतक प्रशांत ने हरियाणा की टीम के खिलाफ लगाए हैं। इसमें से दूसरा शतक उन्होंने हाल ही में हुई रणजी ट्रॉफी में हरियाणा टीम के खिलाफ लगाया है। 

हिमाचल में ड्राई स्पैल जारी, किसानों-बागवानों की बढ़ी मुश्किलें
हिमाचल में सूखे जैसे हालात होने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह मौसम साफ रहेगा। वहीं विभाग ने मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को सुबह-शाम के समय धुंध पड़ने और ठंडी हवाएं चलने का यैलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।

PM Modi के खिलाफ पाकिस्तानी विदेश मंत्री के बयान पर भाजपा मुखर
पाकिस्तानी विदेश मंत्री के शर्मनाक बयान के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधीश कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया व पाकिस्तानी विदेश मंत्री का पुतला जलाया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि सत्ता में बने रहने के स्वार्थ के बीच पाकिस्तान की बदहाल होती आर्थिक स्थिति, पाकिस्तान की अराजकतापूर्ण स्थिति, पाकिस्तान की सेना में मनमुटाव, दुनिया के देशों से खराब होते पाकिस्तान के रिश्ते और आतंकवाद को पाल-पोस कर बड़ा करने की नीति से दुनिया का ध्यान भटकाने के लिए पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने ऐसा कायरतापूर्ण, अहमकाना और गिरा हुआ बयान दिया है।

कोटली से पराशर जा रही कार खाई में गिरी, एक की मौत
कोटली से पराशर जा रही कार छो नाला के पास खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई जबकि 2 लोग घायल हुए हैं। मृतक की पहचान संदीप कुमार पुत्र मेवा सिंह गांव चूड़पुर डाकघर नेताजी नगर तहसील लुधियाना पंजाब के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुरजीत कुमार और उसके दोस्त संदीप कुमार व देवेंद्र कुमार कोटली में अपने दोस्त के यहां आए थे। 

पुंघ में बिलासपुर के युवक से चिट्टे की बड़ी खेप बरामद
मंडी पुलिस के विशेष जांच दल ने एनएच-21 चंडीगढ़-मनाली पर सुंदरनगर के पुंघ में वोल्वो सवार एक 30 वर्षीय युवक से 258 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मंडी जिला पुलिस का विशेष जांच दल एनएच-21 पर सुंदरनगर के पुंघ में नाकाबंदी पर मौजूद था। इस दौरान दौरान दिल्ली से मनाली जा रही एक वोल्वो बस (एचआर 68बी-2908) को जांच के लिए रोका।

Related Story

Trending Topics

India

150/2

22.3

Australia

352/7

50.0

India need 203 runs to win from 27.3 overs

RR 6.73
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!