Himachal: जेठानी की मौत का सदमा नहीं सह पाई देवरानी, 1 घंटे में त्यागे प्राण; एक साथ उठी 2 अर्थियों ने सबको रुलाया

Edited By Vijay, Updated: 06 Sep, 2026 05:37 PM

funeral of jethani and devarani

हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के तहत आने वाले बदारन गांव से एक बेहद दुखद और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक जेठानी की मौत का सदमा उसकी देवरानी सहन नहीं कर पाई और महज एक घंटे के भीतर ही उसने भी दम तोड़ दिया।

नादौन (जैन): हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के तहत आने वाले बदारन गांव से एक बेहद दुखद और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक जेठानी की मौत का सदमा उसकी देवरानी सहन नहीं कर पाई और महज एक घंटे के भीतर ही उसने भी दम तोड़ दिया। रविवार शाम जब एक ही आंगन से दोनों महिलाओं की अर्थियां एक साथ उठीं, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें छलक पड़ीं।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बदारन गांव निवासी शकुंतला देवी (पत्नी स्वर्गीय ईश्वर दास) की घर पर अचानक तबीयत खराब हो गई। उनके पुत्र एवं पेशे से अध्यापक विजय कुमार व अन्य परिजन उन्हें तुरंत नादौन अस्पताल ले गए। लेकिन, दुर्भाग्यवश अस्पताल में उनका देहांत हो गया। शकुंतला देवी के निधन की सूचना जब गांव में उनके घर पहुंची, तो उनकी देवरानी कमलेश कुमारी (पत्नी स्वर्गीय अमर सिंह) इस दुख को सहन नहीं कर पाईं। परिजनों के अनुसार, जेठानी की मौत की खबर सुनते ही वह फूट-फूट कर रोने लगीं। जिस समय घर पर शकुंतला देवी के अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू हो रही थीं, उसी दौरान करीब 11:30 बजे कमलेश कुमारी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें भी आनन-फानन में नादौन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

सगी बहनों जैसा था देवरानी-जेठानी का प्रेम, एक साथ जलीं चिताएं
संयुक्त परिवार से महज एक घंटे के अंतराल में दो महिलाओं के अचानक चले जाने से पूरे बदारन गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि दोनों देवरानी-जेठानी के बीच सगी बहनों जैसा अटूट प्रेम था। देवरानी अपनी जेठानी से इतना लगाव रखती थी कि वह उनके जाने का वियोग नहीं सह सकी और खुद भी दुनिया छोड़ गई। रविवार शाम को जब दोनों महिलाओं की अर्थियां एक साथ श्मशानघाट पहुंचीं और एक साथ उनकी चिताएं सजाई गईं, तो वहां मौजूद सैंकड़ों लोगों का दिल पसीज गया। इस दुखद घड़ी में पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने भी बदारन पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें ढांढस बंधाया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!