Mandi: आंखों के सामने धू-धू कर जला सपनों का आशियाना, लाखों की संपत्ति राख; खुले आसमान के नीचे आया परिवार

Edited By Vijay, Updated: 06 Jun, 2026 08:10 PM

fire in house

मंडी जिले के सराज क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत थाटा के नीरू गांव में शनिवार दोपहर एक भयंकर अग्निकांड पेश आया। यहां एक परिवार का दोमंजिला मकान रहस्यमयी परिस्थितियों में आग की भेंट चढ़ गया।

बालीचौकी (फरेंद्र): मंडी जिले के सराज क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत थाटा के नीरू गांव में शनिवार दोपहर एक भयंकर अग्निकांड पेश आया। यहां एक परिवार का दोमंजिला मकान रहस्यमयी परिस्थितियों में आग की भेंट चढ़ गया। इस घटना में परिवार को लगभग 20 लाख रुपए का भारी नुक्सान हुआ है। अब पीड़ित परिवार के सामने सिर छुपाने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर नीरू गांव निवासी सोतू राम पुत्र बगीदु राम के घर में अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि देखते ही देखते उन्होंने पूरे दोमंजिला मकान को अपने आगोश में ले लिया। आग लगने का पता चलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर अपने स्तर पर आग पर काबू पाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए। इस अग्निकांड में मकान के अंदर रखा घरेलू सामान, खाने-पीने का अनाज, कपड़े, फर्नीचर और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गई हैं। 

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और नुक्सान का जायजा लिया। एसडीएम बालीचौकी बचित्र सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को निर्धारित फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है। इसके साथ ही नुक्सान का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि नियमों के तहत उचित मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!