Edited By Vijay, Updated: 15 Oct, 2026 07:29 PM

चम्बा जिले के उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत खुशनगरी के टटरोग गांव में वीरवार को अग्निकांड का मामला सामने आया है। कड़ाके की ठंड के बीच अचानक भड़की आग ने एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया को पलभर में राख के ढेर में बदल दिया।
तीसा (सुभानदीन): चम्बा जिले के उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत खुशनगरी के टटरोग गांव में वीरवार को अग्निकांड का मामला सामने आया है। कड़ाके की ठंड के बीच अचानक भड़की आग ने एक हंसते-खेलते परिवार की दुनिया को पलभर में राख के ढेर में बदल दिया। इस भीषण अग्निकांड में दोमंजिला मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जिससे पीड़ित परिवार के सामने अब सिर छुपाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
घटना वीरवार सुबह करीब 3 बजे की है। जब पूरा गांव गहरी नींद में सो रहा था, तब टटरोग गांव निवासी खैर मुहम्मद पुत्र रशीद मुहम्मद के मकान से अचानक लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। चादरपोश मकान की बनावट और उस वक्त चल रहीं ठंडी हवाओं के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दोमंजिला इस मकान की निचली मंजिल में 2 और ऊपरी मंजिल में भी 2 कमरे बने हुए थे।
आग की इस भयानक चपेट में न सिर्फ पूरा मकान, बल्कि अंदर रखा सारा घरेलू सामान, राशन और जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए। पीड़ित परिवार के लिए यह मकान ही रहने का एकमात्र ठिकाना था। इस आपदा ने परिवार को बेघर कर दिया है। राजस्व विभाग की टीम ने क्षेत्रीय कानूनगो की मौजूदगी में तुरंत मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और नुक्सान का जायजा लिया।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में मकान और घरेलू सामान सहित करीब 7 लाख रुपए के नुक्सान का अनुमान लगाया गया है। कार्यकारी एसडीएम चुराह आशीष ठाकुर ने स्थिति का संज्ञान लेते हुए तुरंत राहत दल को निर्देशित किया। वहीं प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में 10,000 रुपए की नकद राशि, 2 तिरपाल और 2 कंबल प्रदान किए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें