Kangra: धर्मशाला कालेज में शिक्षकों ने काले बिल्ले बांधकर जताया रोष, मांगें न मानने तक जारी रहेगा विरोध

Edited By Kuldeep, Updated: 09 Jul, 2026 06:39 PM

dharamshala teachers protest

हिमाचल गवर्नमैंट कालेज टीचर्स एसोसिएशन लोकल यूनिट धर्मशाला के बैनर तले कालेज शिक्षकों का आंदोलन गुरुवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गया।

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल गवर्नमैंट कालेज टीचर्स एसोसिएशन लोकल यूनिट धर्मशाला के बैनर तले कालेज शिक्षकों का आंदोलन गुरुवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गया। अपनी लंबित मांगों को लेकर शिक्षकों ने कालेज परिसर में गेट मीटिंग की और सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। शिक्षकों ने बाजू पर काले बिल्ले बांधकर सरकार की नीतियों का विरोध किया। हालांकि, आंदोलन के बीच शिक्षकों ने छात्रों की पढ़ाई का नुक्सान नहीं होने दिया।

 सभी प्राध्यापकों ने काले बिल्ले लगाकर ही अपनी नियमित कक्षाएं लीं और कालेज के अन्य प्रशासनिक कार्यों को भी पूरा किया। इस गेट मीटिंग और विरोध प्रदर्शन के दौरान एचजीसीटीए लोकल यूनिट धर्मशाला के अध्यक्ष डा. विक्रम श्रीवत्स, केंद्रीय कार्यकारिणी के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रो. संजय जसरोटिया, प्रो. नरेश मनकोटिया, डा. बलराज, कोषाध्यक्ष डा. अजय कुमार, डा. अशोक, डा. दीपिका, डा. अंजना और डा. पूनम सहित यूनियन के कई वरिष्ठ सदस्य व पदाधिकारी मौजूद रहे।

यूनियन के महासचिव डा. आशीष रंजन और प्रैस सचिव डा. गौरव महाजन ने संयुक्त बयान में बताया कि कालेज शिक्षक लंबे समय से करियर एडवांसमैंट स्कीम और विभागीय पदोन्नति समिति की बैठकों को समय पर आयोजित करने की मांग कर रहे हैं। यूनियन ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया है कि शिक्षकों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर इन्हें जल्द पूरा किया जाए। धर्मशाला यूनिट के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है कि जब तक सरकार मांगों पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाती, तब तक उनका यह शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!