Edited By Kuldeep, Updated: 27 Apr, 2026 09:37 PM

सोमवार को लोक लेखा समिति 2025-26 की धर्मशाला में आयोजित हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, हिमाचल प्रदेश सरकार तथा संबंधित संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा में...
धर्मशाला (ब्यूरो): सोमवार को लोक लेखा समिति 2025-26 की धर्मशाला में आयोजित हुई बैठक में केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, हिमाचल प्रदेश सरकार तथा संबंधित संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लिया। पर्यटन मंत्रालय और हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ हुई बैठक में अनुराग सिंह ठाकुर ने स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत चिंतपूर्णी मंदिर के पुनर्विकास सहित राज्य में पर्यटन क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा की। उन्होंने इन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया, ताकि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा सके और सांस्कृतिक व धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। अनुराग सिंह ठाकुर ने राज्य के पर्यटन अधिकारियों के साथ एडवैंचर टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय एनएचएआई, एनएचआईडीसीएल तथा अन्य एजैंसियों के साथ बैठक में अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और सड़कों पर शुल्क, टैरिफ तथा यूजर चार्जिज के आरोपण एवं विनियमन से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने हिमाचल राज्य द्वारा हाल में लागू किए गए रोड टैक्स के मुद्दे को भी उठाया। इसके अलावा नागरिक उड्डयन मंत्रालय, डीजीसीए, एएआई तथा अन्य हितधारकों के साथ रीजनल कनैक्टीविटी स्कीम-उड़ान पर चर्चा के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने क्षेत्र में हवाई कनैक्टीविटी बढ़ाने के लिए धर्मशाला एयरपोर्ट के विस्तार और शिमला एयरपोर्ट की चल रहीं समस्याओं को उठाया।