Solan News: श्मशानघाट में चिता सजते ही मचा हड़कंप, लोगों ने रुकवाया अंतिम संस्कार

Edited By Vijay, Updated: 24 Jul, 2026 03:46 PM

chaos broke out during pyre set up at cremation ground people stopped funeral

सोलन जिले के मानपुरा क्षेत्र स्थित प्लांखवाला श्मशानघाट में उस समय भारी तनाव का माहौल बन गया, जब एक प्रवासी कामगार के अंतिम संस्कार को स्थानीय लोगों ने बीच में ही रुकवा दिया।

मानपुरा (बस्सी): सोलन जिले के मानपुरा क्षेत्र स्थित प्लांखवाला श्मशानघाट में उस समय भारी तनाव का माहौल बन गया, जब एक प्रवासी कामगार के अंतिम संस्कार को स्थानीय लोगों ने बीच में ही रुकवा दिया। चिता सजाई जा चुकी थी और शव को अग्नि देने की पूरी तैयारी थी, लेकिन तभी स्थानीय लोगों की नजर मृतक के शरीर पर मौजूद संदिग्ध चोटों पर पड़ी, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया और पुलिस को बुलाना पड़ा। अब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गर्दन और पीठ पर थे संदिग्ध निशान
जानकारी के अनुसार बीते दिन जब प्रवासी कामगार के शव को श्मशानघाट लाया गया तो मौके पर समाजसेवी कमल ज्ञानी सहित कई स्थानीय लोग मौजूद थे। लोगों ने देखा कि मृतक के शरीर, विशेषकर गर्दन और पीठ पर कई जगह चोट के स्पष्ट और संदिग्ध निशान थे। स्थानीय लोगों का आरोप था कि यह मामला किसी सामान्य सड़क दुर्घटना का नहीं लग रहा है, बल्कि मौत संदिग्ध है। इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए बिना जांच के अंतिम संस्कार करने पर कड़ी आपत्ति जताई और पोस्टमार्टम की मांग पर अड़ गए।

परिजनों ने बताई थी बाइक स्किड होने की कहानी
दूसरी ओर, मृतक के परिजनों का तर्क बिल्कुल अलग था। उनका कहना था कि मृतक अत्यधिक शराब पीने का आदी था। परिजनों के अनुसार, नशे की हालत में बाइक से गिरने के कारण उसे चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। परिजन इस मामले में कोई पुलिस कार्रवाई या पोस्टमार्टम नहीं करवाना चाहते थे और जल्द से जल्द अंतिम संस्कार करना चाहते थे।

लोगों की मांग पर पुलिस ने कब्जे में लिया शव
श्मशानघाट में विवाद बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शुरूआत में पुलिस और परिजनों के बीच पोस्टमार्टम को लेकर काफी देर तक चर्चा होती रही। बताया जा रहा है कि पुलिस भी परिजनों की असहमति का हवाला दे रही थी, लेकिन स्थानीय लोग पीछे हटने को तैयार नहीं थे। मामले की गंभीरता और चोट के निशानों को देखते हुए लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर दबाव बनाए रखा। आखिरकार स्थानीय लोगों के भारी आग्रह और परिस्थितियों की संदिग्धता को देखते हुए थाना प्रभारी पवीरेंद्र कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट करेगी मौत के असली कारणों का खुलासा
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बद्दी विनोद कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों की आशंका और आग्रह को ध्यान में रखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा और उसी रिपोर्ट के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!