Solan: राज्यपाल के कार्यक्रम में गए 5 शिक्षकों को नोटिस जारी होने पर नौणी विश्वविद्यालय में हंगामा

Edited By Kuldeep, Updated: 05 Oct, 2026 07:57 PM

solan teacher notice

राज्यपाल के कार्यक्रम में जाने पर डा. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के 5 शिक्षकों को नोटिस जारी हुआ है।

सोलन (पाल): राज्यपाल के कार्यक्रम में जाने पर डा. वाई.एस. परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के 5 शिक्षकों को नोटिस जारी हुआ है। इसके लेकर सोमवार को कुलपति कार्यालय के बाहर खूब हंगामा हुआ। स्थिति यह हो गई विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एचएस बवेजा को अपने कार्यालय का दरवाजा अंदर से लॉक करना पड़ा और बाहर विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों को पहरा देना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को बुलाना पड़ा। हुआ यूं कि नौणी विवि की डा. आशु चंदेल की अगुवाई में चार शिक्षक नोटिस का कारण पूछने के लिए वीसी कार्यालय में पहुंचे।

वे वीसी से मिलने के लिए उनके कार्यालय की ओर बढ़े वैसे ही उनके कार्यालय के बाहर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने रोक दिया। इसका शिक्षकों ने विरोध किया। स्थिति तनाव पूर्ण देखते हुए विवि प्रशासन ने पुलिस बुला दी। शिक्षक वीसी से मिलने के लिए अड़े रहे। यहां तक कि वे वीसी के इंतजार में उनके कार्यालय के बाहर ही कुर्सी लगाकर बैठक गए। थोड़ी देर में वहां पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस के समझाने के बाद सभी शिक्षक वहां से अपने कार्यालय की ओर चले गए।

यहां पर विदित रहे कि राज्यपाल कविंद्र गुप्ता 2 अक्तूबर को सोलन के गण की सेर में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित थे। नौणी विवि के पांच शिक्षक डा. आशु चंदेल, डा. सुभाष शर्मा, डा. रंजना, डा. राकेश शर्मा और डा. निधिश गौतम भी इस कार्यक्रम में उपस्थित थे। नौणी विवि प्रशासन का आरोप है कि यह पांचों शिक्षक विवि में आंदोलनरत छात्रों को उकसा कर राज्यपाल से मिलने के लिए ले गए थे। हालांकि शिक्षकों ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। इसको लेकर ही नोटिस जारी किया गया है। इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। शिक्षकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वीसी ने उन्हें मिलने का समय नहीं दिया तोवे विवि के चांसलर व प्रदेश के राज्यपाल से मिलेंगे और उनके सामने अपना पक्ष रखेंगे।

दरवाजा तोड़ने का किया प्रयास : वीसी
डा. वाईएस परमार के वीसी डा. एचएस बवेजा ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 10 बजे के आसपास जब उनके कार्यालय के बाहर हंगामा हो रहा था तो उन्होंने सुरक्षा अधिकारी को बुलाया और पूछा कि बाहर क्या हो रहा है। इस पर उन्होंने बताया कि आप अंदर से दरवाजा बंद कर लो, ऐसा न हो कहीं यह लोग आप पर हमला कर दें। उन्हें उनके इरादे के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वीसी से मिलने की एक प्रक्रिया होती है। उसकी अनुपालना होनी चाहिए। उन्होंने तो दरवाजा तोड़ने का प्रयास किया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस अब अपना काम कर रही है।

राज्यपाल के कार्यक्रम में छुट्टी वाले दिन गए थे : डा. आशु चंदेल
नौणी विश्वविद्यालय की शिक्षक डा. आशु चंदेल ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के कार्यक्रम में छुट्टी वाले दिन गए थे। उन्हें इसके लिए आमंत्रित किया गया था। राज्यपाल, नौणी विवि के चांसलर भी हैं। उनके कार्यक्रम में उपस्थित होना कैसे गैर कानूनी हो गया। वे सोमवार को नोटिस का कारण पूछने के लिए वीसी से मिलने के लिए गए थे, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि वीसी नहीं मिलेंगे तो विवि के चांसलर एवं प्रदेश के राज्यपाल से मिलेंगे और उनके सामने अपना पक्ष रखेंगे।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!