Edited By Vijay, Updated: 04 Jul, 2026 05:23 PM

पर्यटन नगरी डल्हौजी की शांत वादियों में हुड़दंग मचाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की अब खैर नहीं है। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ जीरो टॉलरैंस अपनाते हुए सख्ती शुरू कर दी है।
डल्हौजी (शमशेर): पर्यटन नगरी डल्हौजी की शांत वादियों में हुड़दंग मचाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों की अब खैर नहीं है। पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ जीरो टॉलरैंस अपनाते हुए सख्ती शुरू कर दी है। इसी कड़ी में डल्हौजी पुलिस ने अमृतसर (पंजाब) से आए एक पर्यटक वाहन को नियमों का उल्लंघन करने पर जब्त कर लिया है।
जानकारी के अनुसार डल्हौजी में अमृतसर (पंजाब) के इस पर्यटक वाहन में अनधिकृत रूप से हूटर बजाया जा रहा था। यातायात पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए इस वाहन को रोका और उसकी सघन जांच की। जांच के दौरान वाहन चालक गाड़ी के जरूरी और आवश्यक दस्तावेज भी पुलिस को पेश नहीं कर सका। इसके बाद डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए ट्रैफिक विंग के एएसआई देस राज ने मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत वाहन को तुरंत जब्त कर लिया और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई।
पर्यटक हमारे अतिथि, लेकिन नियम सबके लिए बराबर : डीएसपी
इस कार्रवाई को लेकर डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा कि डल्हौजी एक बेहद शांत पर्यटन स्थल है और यहां किसी भी स्थिति में यातायात नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डल्हौजी आने वाले सभी पर्यटक हमारे सम्मानित अतिथि हैं और उनका स्वागत है, लेकिन कानून का पालन करना सभी के लिए समान रूप से अनिवार्य है। डीएसपी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस की यह सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने डल्हौजी घूमने आ रहे पर्यटकों और स्थानीय लोगों से विशेष अपील की है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और अपने व दूसरों की जान की परवाह करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाएं।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें