Kangra: कबड्डी मैच के दौरान इमारत का छज्जा गिरा, 22 लोग घायल; 3 गंभीर हालत में टांडा रैफर

Edited By Vijay, Updated: 27 Sep, 2026 05:45 PM

building s balcony collapsed 22 people injured

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के अंतर्गत अब्दुल्लापुर में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां एक कबड्डी मैच देखने के दौरान एक पुरानी इमारत का छज्जा टूटकर गिर गया।

कांगड़ा (कालड़ा): हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के अंतर्गत अब्दुल्लापुर में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। यहां एक कबड्डी मैच देखने के दौरान एक पुरानी इमारत का छज्जा टूटकर गिर गया। इस हादसे में छज्जे पर बैठे और खड़े करीब 22 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में से 3 की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को अब्दुल्लापुर में स्थानीय स्तर पर कबड्डी मैच का आयोजन किया जा रहा था। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। इसी दौरान करीब 22 लोग पास ही स्थित एक पुरानी इमारत के छज्जे पर चढ़कर मैच देख रहे थे। छज्जा वजन नहीं सह पाया औरअचानक टूट गया। छज्जा गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत एंबुलैंस और वहां मौजूद निजी वाहनों की मदद से उपमंडल अस्पताल कांगड़ा पहुंचाया गया। उपमंडल अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कल्पना कायस्था ने बताया कि हादसे के बाद कुल 22 घायलों को अस्पताल लाया गया था। अस्पताल में करीब 15 लोगों के एक्स-रे करवाए गए हैं। घायलों में से 3 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (टांडा) रैफर कर दिया गया है। डॉ. कायस्था ने स्पष्ट किया कि राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

धीरे-धीरे गिरा छज्जा, वरना हो सकती थी बड़ी अनहोनी
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस भवन का छज्जा गिरा, वह काफी पुराना और जर्जर था। लोगों का कहना है कि यह एक बड़ा चमत्कार ही था कि छज्जा एकदम से नीचे नहीं गिरा, बल्कि धीरे-धीरे टूटा। इसके टूटने की गति धीमी होने के कारण छज्जे पर मौजूद लोगों को संभलने का थोड़ा मौका मिल गया। यदि छज्जा एक झटके में गिरता तो यह हादसा जानलेवा और बहुत बड़ा रूप ले सकता था।

हादसे में घायल हुए लोगों की सूची
इस घटना में कुलदीप, अनवी राणा, गगन कुमार, सवरमा, सुदेश कुमार, पूर्वी, सपना, हर्ष, दक्ष, आनया, अमन, सुजल, मोहित, आर्यन, अमीश, विक्रांत, आयुष, शुभम, अर्पित, ध्रुव, सूर्यास, आकर्ष, प्रशांत, अभिषेक, अजय, शानो, विजय कुमार और कैलाश सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। इनमें से गंभीर रूप से घायल हर्ष, सुजल और मोहित का उपचार टांडा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!