Edited By Vijay, Updated: 01 Jun, 2026 11:46 AM

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद संवेदनशील और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के पर अपनी ही 15 वर्षीय सगी बहन के साथ जबरन दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगा है।
Mandi Crime News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक बेहद संवेदनशील और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़के पर अपनी ही 15 वर्षीय सगी बहन के साथ जबरन दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगा है। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर देने वाली इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ, जब तबीयत बिगड़ने पर पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया और जांच में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई।
पुलिस में दर्ज आधिकारिक शिकायत के अनुसार पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को पिछले 2-3 महीनों से माहवारी (पीरियड्स) नहीं आ रही थी। बीते 30 मई को अचानक लड़की की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इससे घबराए परिजन उसे तुरंत चैकअप के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले गए। वहां डॉक्टरों ने जब लड़की की गहन जांच की तो सामने आई रिपोर्ट ने पूरे परिवार के पैरों तले जमीन खिसका दी। डॉक्टरों ने लड़की के गर्भवती होने की पुष्टि की।
अस्पताल में हुए इस चौंकाने वाले खुलासे के बाद जब परिजनों ने लड़की से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने रोते हुए आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि पिछले करीब 3-4 महीनों से उसका 14 वर्षीय सगा छोटा भाई ही घर में उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। आरोपी भाई ने उसे धमका कर रखा था, जिसके कारण लोक-लाज और भाई के डर से वह अब तक खौफ में जी रही थी और किसी को कुछ नहीं बता पाई।
इस गंभीर और संवेदनशील मामले की सूचना मिलते ही सदर पुलिस थाना, मंडी ने बिना समय गंवाए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी नाबालिग भाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। मंडी के एसपी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए जानकारी दी है कि पुलिस ने तत्परता से मामला दर्ज कर लिया है। चूंकि आरोपी भी नाबालिग है, इसलिए किशोर न्याय कानून के दायरे में रहकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस हर पहलू से इस मामले की गहन तफ्तीश कर रही है, साथ ही गहरे सदमे से गुजर रही पीड़िता की विशेष काऊंसलिंग भी करवाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें