Edited By Vijay, Updated: 11 Feb, 2023 10:43 PM

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बार-बार प्रदेश की आर्थिकी को लेकर श्रीलंका का हवाला दे रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि सरकार जनता पर भारी टैक्स लगाने की तैयारी में है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है तो छोटे से राज्य में उपमुख्यमंत्री, पौने दर्जन...
धर्मशाला (तनुज): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बार-बार प्रदेश की आर्थिकी को लेकर श्रीलंका का हवाला दे रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि सरकार जनता पर भारी टैक्स लगाने की तैयारी में है। प्रदेश की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है तो छोटे से राज्य में उपमुख्यमंत्री, पौने दर्जन सलाहकार और आधा दर्जन सीपीएस बनाने की क्या आवश्यकता है। इस तरह से कैबिनेट रैंक देने के चलते श्रीलंका से नहीं बल्कि पाकिस्तान से सरकार को हिमाचल की तुलना करनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विकास कार्यों के लिए हैलीकॉप्टर का प्रयोग करते थे तो कांग्रेस हाहाकार मचाती थी लेकिन अब सत्ता में आई कांग्रेस सरकार के 2 व्यक्ति इसका प्रयोग कर रहे हैं।
मंत्रिमंडल गठन से पहले डिनोटिफाई कर दिए 613 संस्थान
प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक कपूर ने शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि छोटे से प्रदेश में कैबिनेट रैंक के पौने दर्जन सलाहकार बनाए गए हैं जबकि उत्तर प्रदेश की बात करें तो वहां मात्र एक राजनीतिक सलाहकार है। पूर्व सरकार के कार्यकाल में खोले गए 613 संस्थानों को मंत्रिमंडल गठन से पहले सुक्खू सरकार ने डिनोटिफाई करने का कार्य नौकरशाही को दे दिया, जिस पर भाजपा को न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
सीमैंट विवाद नहीं सुलझा पाई सरकार
त्रिलोक कपूर ने कहा कि 2 माह का लंबा समय बीतने के बावजूद सरकार सीमैंट विवाद नहीं सुलझा पाई है, जिसके चलते विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि सरकार जल्द विवाद सुलझाने का दावा कर रही है, लेकिन हर बार विफल हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को उपचार हेतु मिलने वाले 5 लाख रुपए के लाभ की योजनाओं आयुष्मान भारत और हिमकेयर को बंद कर दिया गया।
10 सीटें देने वाले जिला को दिया एक मंत्री पद
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 10 सीटें देने वाले जिला कांगड़ा को एक मंत्री पद दिया गया है, जबकि शिमला, ऊना व हमीरपुर को अधिमान मंत्रिमंडल में दिया गया। अब कांग्रेस सरकार इस ओर प्रयास करेगी भी तो कांगड़ा की जनता इसे अपना अपमान ही समझेगी। इस अवसर पर कांगड़ा के विधायक पवन काजल, जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण नाग, पूर्व मंत्री सरवीन चौधरी, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा व वीरेंद्र चौधरी मौजूद रहे।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here