Edited By Vijay, Updated: 08 Jul, 2026 07:50 PM

सिरमौर जिले के पुलिस थाना पुरुवाला के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकराने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके 2 अन्य साथी घायल हो गए हैं।
पांवटा साहिब (कपिल): सिरमौर जिले के पुलिस थाना पुरुवाला के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर पैरापिट से टकराने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके 2 अन्य साथी घायल हो गए हैं। पुलिस ने घटना काे लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना की शिकायत सिरमौर जिले के सतौन (तहसील कमरऊ) निवासी वीरेंद्र सिंह तोमर पुत्र मदन सिंह ने दर्ज करवाई है। वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि वह पांवटा साहिब से अपने गांव सतौन की तरफ जा रहे थे। इसी सफर के दौरान जब वह खतैण्ड़ पुल से आगे एक मोड़ पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सड़क किनारे एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी हुई थी।
जांच में सामने आया है कि इस बाइक पर कृष्ण पुत्र देवी चंद, तेजपाल पुत्र राम लाल और रणदीप पुत्र करमा सवार थे। तीनों युवक खोडोवाला के रहने वाले हैं। प्रारंभिक जांच के मुताबिक बाइक को कृष्ण चला रहा था। गति तेज होने के कारण मोड़ पर कृष्ण बाइक से अपना नियंत्रण खो बैठा, जिससे बाइक सीधे सड़क किनारे बने पैरापिट से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक कृष्ण की जान चली गई, जबकि उसके पीछे बैठे तेजपाल और रणदीप इस हादसे में घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पुरुवाला में इस सड़क दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब हादसे के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगामी जांच कर रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें