Edited By Kuldeep, Updated: 05 Aug, 2026 01:11 PM

उपमंडल घुमारवीं के तहत ग्राम पंचायत पडयालग के गांव बाड़ी-छजोली में एक उपभोक्ता को करीब 68 हजार का बिजली बिल मिलने से हड़कंप मच गया।
भराड़ी (राकेश): उपमंडल घुमारवीं के तहत ग्राम पंचायत पडयालग के गांव बाड़ी-छजोली में एक उपभोक्ता को करीब 68 हजार का बिजली बिल मिलने से हड़कंप मच गया। बिल में हजारों यूनिट बिजली की खपत दर्ज होने पर उपभोक्ता ने इसे विभागीय त्रुटि बताते हुए विद्युत विभाग से शिकायत की। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया और सोशल मीडिया पर भी तेजी से प्रसारित होने लगा। शिकायत मिलने के बाद बिजली विभाग ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि उपभोक्ता का पुराना मीटर बदलते समय मीटर रीडिंग दर्ज करने में त्रुटि हो गई थी, जिसके कारण गलत बिल जनरेट हो गया।
घुमारवीं विद्युत मंडल के एसडीओ विवेकानंद शर्मा ने बताया कि मीटर की रीडिंग शून्य नहीं थी, बल्कि मीटर बदलते समय रीडिंग दर्ज करने में हुई गलती के कारण उपभोक्ता को गलत बिल जारी हुआ। उन्होंने कहा कि विभाग ने रिकॉर्ड की जांच कर वास्तविक रीडिंग के आधार पर बिल को तुरंत संशोधित कर दिया है। संशोधन के बाद उपभोक्ता को मात्र 107 रुपए का सही बिजली बिल जारी किया गया।
एसडीओ विवेकानंद शर्मा ने लोगों से अपील की कि किसी भी जानकारी को सोशल मीडिया पर सांझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना तथ्यों के भ्रामक जानकारी फैलाकर आम लोगों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं। यदि भविष्य में इस प्रकार की झूठी या भ्रामक सूचनाएं जानबूझकर प्रसारित की जाती हैं, तो विभाग ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने पर भी विचार करेगा।