Kangra: मां बगलामुखी मंदिर में हादसा, अनुष्ठान के दौरान हवन कुंड में गिरा श्रद्धालु...मची अफरा-तफरी

Edited By Vijay, Updated: 13 Sep, 2026 01:43 PM

baglamukhi temple in dehra

हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर में आस्था और अनुष्ठान के बीच एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने पल भर के लिए सभी की सांसें रोक दीं।

कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात सिद्धपीठ मां बगलामुखी मंदिर में आस्था और अनुष्ठान के बीच एक ऐसा वाकया सामने आया, जिसने पल भर के लिए सभी की सांसें रोक दीं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच चल रहे हवन के दौरान पंजाब से आया एक श्रद्धालु अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे सुलगते हवन कुंड में जा गिरा। हालांकि, वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं की सूझबूझ और त्वरित रैस्क्यू के चलते एक बड़ा और जानलेवा हादसा होने से टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब के जालंधर निवासी नितिन मां बगलामुखी के दर्शन और विशेष अनुष्ठान के लिए कांगड़ा पहुंचे थे। मंदिर परिसर में विधि-विधान से हवन प्रक्रिया चल रही थी। इसी बीच नितिन अचानक अपना संतुलन खो बैठे और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वह सीधे हवन कुंड की लपटों के बीच गिर गए। शांत और आध्यात्मिक माहौल में अचानक चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जैसे ही नितिन कुंड में गिरे, वहां मौजूद अन्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने अपनी जान की परवाह किए बिना तुरंत उन्हें आग की लपटों से बाहर खींच लिया। लोगों के इस त्वरित एक्शन की वजह से नितिन की जान बच गई। हालांकि, कुछ सैकेंड तक आग की चपेट में आने के कारण उनके हाथ, बाजू, छाती और चेहरे के कुछ हिस्सों पर जलने के घाव हुए हैं।

हादसे के तुरंत बाद मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल नितिन को देहरा स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही मेडिकल टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। देहरा सिविल अस्पताल के डॉ. राकेश ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हवन कुंड में गिरने के कारण मरीज का शरीर झुलस गया था, लेकिन समय रहते उन्हें प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। राहत की बात यह है कि मरीज की स्थिति अब पूरी तरह से खतरे से बाहर है।

घटना की सूचना मिलते ही जालंधर से नितिन के परिजन भी तुरंत सक्रिय हो गए। परिजनों का कहना है कि वे नितिन को बेहतर और एडवांस ट्रीटमैंट के लिए जालंधर के किसी निजी अस्पताल में शिफ्ट करेंगे, जिसकी तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, इस घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए तनाव और ठहराव का माहौल रहा, लेकिन घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने के बाद स्थिति सामान्य हो गई और मंदिर में अनुष्ठान सुचारू रूप से जारी हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!