Edited By Vijay, Updated: 01 Jun, 2026 01:25 PM

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के कसोल स्थित होटल ग्रीन वैली में 30 मई को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी और अहम कामयाबी मिली है।
भुंतर (सोनू): हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के कसोल स्थित होटल ग्रीन वैली में 30 मई को हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी और अहम कामयाबी मिली है। पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे पांचवें आरोपी को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि यह आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद वापस इटली भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
गौरतलब है कि 30 मई को होटल ग्रीन वैली में गोली चलने की घटना के तुरंत बाद मणिकर्ण थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को मौके से ही हिरासत में ले लिया था। हालांकि, एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर वहां से फरार होने में कामयाब हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च पुलिस अधिकारियों के दिशा-निर्देशों पर फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने तकनीकी सर्विलांस (साइबर सैल) और मानवीय सूचना तंत्र का सटीक इस्तेमाल करते हुए फरार आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। लगातार दबिश देने के बाद 31 मई को पुलिस टीम ने पंजाब के जिला अमृतसर (तहसील बाबा बकाला) के गांव बग्गा में छापेमारी कर 22 वर्षीय तमनप्रीत सिंह (पुत्र भूपेंद्र सिंह) को धर दबोचा। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि आरोपी तमनप्रीत पिछले कुछ समय से इटली में ही रह रहा था और कुछ दिन पूर्व ही भारत लौटा था। फायरिंग की इस घटना के बाद वह पुलिस से बचने के लिए दोबारा इटली भागने की पूरी तैयारी कर चुका था।
कुल्लू पुलिस की विशेष टीम आरोपी तमनप्रीत को पंजाब से हिरासत में लेकर कुल्लू पहुंच चुकी है। यहां आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे मणिकर्ण पुलिस थाने में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट से रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
इस पूरे ऑप्रेशन की पुष्टि करते हुए कुल्लू के एसपी मदन लाल ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगामी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जिला पुलिस कुल्लू किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था बिगड़ने नहीं देगी और अपराधियों के विरुद्ध सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।