Edited By Swati Sharma, Updated: 23 May, 2026 03:13 PM

Hamirpur News : जिला मुख्यालय हमीरपुर में नए संयुक्त कार्यालय भवन (मिनी सचिवालय) के निर्माण के लिए आवश्यक औपचारिकताएं आरंभ की जा रही हैं। इस नए प्रस्तावित भवन में आम जनता से संबंधित अधिक से अधिक विभागों के कार्यालय स्थापित करने तथा इन विभागों की...
Hamirpur News : जिला मुख्यालय हमीरपुर में नए संयुक्त कार्यालय भवन (मिनी सचिवालय) के निर्माण के लिए आवश्यक औपचारिकताएं आरंभ की जा रही हैं। इस नए प्रस्तावित भवन में आम जनता से संबंधित अधिक से अधिक विभागों के कार्यालय स्थापित करने तथा इन विभागों की जरुरतों के अनुसार भवन निर्माण पर चर्चा के लिए उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शनिवार को यहां हमीर भवन में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि वर्तमान जिला सचिवालय के विभिन्न भवनों की जगह एक नया संयुक्त कार्यालय भवन बनाने का प्रस्ताव है। इस नये प्रस्तावित संयुक्त कार्यालय भवन के अलग-अलग ब्लॉकों में आम जनता से जुड़े अधिक से अधिक विभागों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोगों को विभिन्न विभागों से संबंधित सेवाएं एक जगह पर ही आसानी से उपलब्ध हो सकें।
गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि वर्तमान में उपायुक्त कार्यालय परिसर एवं इसके आस-पास के भवनों में संचालित किए जा रहे विभिन्न विभागों के अलावा हमीरपुर शहर में अन्य स्थानों पर अपने भवनों में या किराये के भवनों में चलाए जा रहे विभागों को भी नए मिनी सचिवालय में जगह दी जाएगी। इसके लिए सभी विभागों से उनकी आवश्यकताओं के अनुसार डिमांड मांगी गई है। उपायुक्त ने जिला स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के कर्मचारियों की संख्या और नए प्रस्तावित संयुक्त कार्यालय भवन में स्थान की आवश्यकताओं का पूर्ण ब्यौरा दो-तीन दिन के भीतर जिला प्रशासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।