Chamba News: मणिमहेश यात्रा मार्ग पर फंसी 5 जिंदगियां, जान हथेली पर रख टीम ने ऐसे किया खौफनाक रैस्क्यू

Edited By Vijay, Updated: 28 Jul, 2026 01:41 PM

5 pilgrims stuck on the manimahesh yatra route rescued

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में खराब मौसम के बीच मणिमहेश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की जान उस समय मुश्किल में पड़ गई जब वे भारी बारिश के चलते बीच रास्ते में फंस गए, लेकिन भरमौर प्रशासन और रैस्क्यू टीम की तत्परता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया।

चम्बा: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में खराब मौसम के बीच मणिमहेश यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं की जान उस समय मुश्किल में पड़ गई जब वे भारी बारिश के चलते बीच रास्ते में फंस गए, लेकिन भरमौर प्रशासन और रैस्क्यू टीम की तत्परता ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। घने अंधेरे, लगातार हो रही भारी बारिश और जानलेवा फिसलन भरे रास्तों के बीच पुलिस और पर्वतारोहण दल ने अपनी जान जोखिम में डालकर हैदराबाद के 5 श्रद्धालुओं का सफल रैस्क्यू किया है। मौत को मात देकर सुरक्षित लौटे सभी श्रद्धालु स्वस्थ हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण चम्बा के अनुसार हैदराबाद से आए ये 5 श्रद्धालु मणिमहेश यात्रा पर गए थे। जब वे दुनाली और तोष के गोठ के बीच पहुंचे तो अचानक मौसम बेहद खराब हो गया। भारी बारिश और दुर्गम रास्तों के कारण आगे बढ़ना असंभव हो गया और वे बीच रास्ते में फंस गए।

प्रशासन को जैसे ही इन श्रद्धालुओं के फंसे होने की सूचना मिली तो रात लगभग 9 बजे 8 सदस्यीय संयुक्त रैस्क्यू टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इस टीम का नेतृत्व पुलिस विभाग की ओर से उपनिरीक्षक अनिल वालिया और पर्वतारोहण दल की ओर से अनुदेशक पंकज महंत कर रहे थे। अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और अंधेरे के बावजूद रैस्क्यू दल ने बेहतरीन तालमेल का परिचय दिया और महज 2 घंटे के भीतर रात लगभग 11 बजे सभी श्रद्धालुओं को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षित हड़सर पहुंचा दिया।

मौसम की चेतावनी को हल्के में न लें श्रद्धालु : एडीएम
इस सफल रैस्क्यू ऑप्रेशन के बाद एडीएम भरमौर विकास शर्मा ने पूरी टीम के साहस और समर्पण की जमकर सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने मणिमहेश आने वाले यात्रियों के लिए सख्त एडवाइजरी भी जारी की। एडीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्तमान में पहाड़ों पर मौसम अत्यंत प्रतिकूल बना हुआ है। मेरी सभी श्रद्धालुओं से अपील है कि वे प्रशासन द्वारा जारी मौसम संबंधी चेतावनियों का पूरी तरह पालन करें। जब तक मौसम पूरी तरह अनुकूल नहीं हो जाता तब तक यात्रा प्रारंभ करने का जोखिम न उठाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान सभी विभाग पूरी तरह सतर्क और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!