Edited By Vijay, Updated: 05 Jun, 2026 11:20 PM

कुल्लू जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने शिकंजा कस दिया है। जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए चलाए गए...
कुल्लू (ब्यूरो): कुल्लू जिले में अवैध शराब का कारोबार करने वालों पर राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने शिकंजा कस दिया है। जिले में अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री पर पूरी तरह से रोक लगाने के लिए चलाए गए विशेष सघन जांच अभियान के तहत विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दो अलग-अलग मामलों का भंडाफोड़ करते हुए कुल 45 पेटी अवैध शराब बरामद कर शराब तस्करों में हड़कंप मचा दिया है।
तलोगी में कार से बरामद हुई 23 पेटी शराब
उपायुक्त राज्य कर एवं आबकारी (कुल्लू) मनोज डोगरा ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पहला मामला कुल्लू के समीप तलोगी इलाके का है। यहां चेकिंग के दौरान विभाग की टीम ने एक कार को रोका। जब कार की गहनता से तलाशी ली गई तो उसमें भारी मात्रा में शराब छिपाई गई थी। टीम ने कार से 18 पेटी देशी शराब, 2 पेटी अंग्रेजी शराब और 3 पेटी बीयर सहित कुल 23 पेटी अवैध शराब बरामद की।
रामशिला में टीननुमा शैड के अंदर छिपाया था जखीरा
विभाग की टीम ने दूसरी सफल कार्रवाई रामशिला (कुल्लू) में की। यहां एक टीननुमा शैड के अंदर अवैध शराब का भंडारण किया गया था। टीम ने जब टिन शेड में छापा मारा तो वहां से 12 पेटी देशी शराब, 1 पेटी अंग्रेजी शराब और 9 पेटी बीयर सहित कुल 22 पेटी शराब बरामद हुई। दोनों ही जगहों पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरामद शराब को मौके पर ही विधिवत रूप से जब्त कर लिया है।
इन अधिकारियों की टीम ने किया भंडाफोड़, मामला दर्ज
उपायुक्त मनोज डोगरा ने बताया कि इस पूरे अभियान को विभाग की एक विशेष टीम ने मुस्तैदी से अंजाम दिया। इस टीम में सहायक आयुक्त (आबकारी) फूल चन्द राणा, सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी पंकज राणा, राकेश कुमार और सुरेश कुमार शर्मा (बंजार) शामिल थे। इनके साथ मानद मुख्य आरक्षी देश राज, अशोक कुमार व आरक्षी खीमा राम ने भी इस धरपकड़ में अहम भूमिका निभाई। इस मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत केस दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
अवैध कारोबार पर जारी रहेगा प्रहार : मनोज डोगरा
मनोज डोगरा ने स्पष्ट किया कि राज्य कर एवं आबकारी विभाग अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने, राजस्व संरक्षण और आबकारी कानूनों का सख्ती से पालन करवाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में भी शराब माफियाओं के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास कहीं भी अवैध शराब बनाई, बेची या रखी जा रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि कानून का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें