Edited By Vijay, Updated: 28 Apr, 2026 03:43 PM

बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। बरमाणा और कोट कहलूर थाना पुलिस की टीमों ने तत्परता दिखाते हुए तीन तस्करों को नशीले पदार्थों के साथ धर दबोचा है।
बिलासपुर (बंशीधर): बिलासपुर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। बरमाणा और कोट कहलूर थाना पुलिस की टीमों ने तत्परता दिखाते हुए तीन तस्करों को नशीले पदार्थों के साथ धर दबोचा है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पहला मामले में थाना बरमाणा की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी पर तैनात थी। जब पुलिस टीम अलसु पुल के पास पहुंची, तो वहां शैड के नीचे दो युवक बैठे हुए थे। पुलिस को देखते ही दोनों युवक घबरा गए, जिससे उनकी संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 611 ग्राम चरस बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजू (38) निवासी रायपुर, तहसील और जिला देहरादून (उत्तराखंड) तथा अजय कुमार (41) निवासी रोखड़ी, डाकघर शंभूवाला, तहसील नाहन व जिला सिरमौर के रूप में हुई है। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस उनसे यह जानने का प्रयास कर रही है कि वे यह चरस कहां से लाए थे और इसे किसे बेचा जाना था। पुलिस हर एंगल से मामले की गहन जांच कर रही है।
दूसरे मामले में थाना कोट कहलूर की पुलिस टीम मजार-दबट सड़क पर गश्त कर रही थी। जब टीम मजारी पुल के पास पहुंची, तो एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोककर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 176 ग्राम अफीम डोडा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान नंद लाल (39) निवासी काहीवाल, डाकघर समलाह, तहसील आनंदपुर साहिब, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें