Chamba News: नशे के खिलाफ SIU Team का बड़ा एक्शन, अमृतसर और गुरदासपुर के 2 तस्कर हैरोइन सहित काबू

Edited By Vijay, Updated: 26 Jul, 2026 03:11 PM

2 young men arrested with heroin

हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्बा पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगैशन यूनिट (एसआईयू) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पठानकोट-चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंढीयार नाला के समीप पुलिस ने पंजाब के 2 युवकों को 14 ग्राम हैरोइन के साथ...

बनीखेत (पार्थ): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्बा पुलिस की स्पैशल इन्वैस्टिगैशन यूनिट (एसआईयू) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पठानकोट-चम्बा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग  पर गंढीयार नाला के समीप पुलिस ने पंजाब के 2 युवकों को 14 ग्राम हैरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब साढ़े 6 बजे चम्बा पुलिस की एसआईयू टीम ने पठानकोट-चम्बा एनएच पर गंढीयार नाला के पास रूटीन गश्त और नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान पुलिस के जवान वहां से गुजरने वाले वाहनों की चैकिंग कर रहे थे। इसी बीच दो युवक पैदल ही गंढीयार नाला की ओर आ रहे थे। सामने पुलिस की टीम को चैकिंग करते देख दोनों युवक अचानक घबरा गए और बचने का प्रयास करने लगे।

युवकों की इस संदिग्ध हरकत और घबराहट को देखकर पुलिस जवानों को उन पर शक हुआ। पुलिस ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को रोक लिया और पूछताछ शुरू की। पुलिस के सवालों का जवाब देते हुए युवक और ज्यादा घबरा गए। इसके बाद पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर दोनों युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद बैग के अंदर से एक प्लास्टिक की पुड़िया बरामद हुई, जिसमें 14 ग्राम हैरोइन छिपा कर रखी गई थी।

पुलिस ने नशे की खेप को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 33 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पुत्र महिंद्र सिंह निवासी गांव कोट मुगल, डाकघर मधुछांगा, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर और 34 वर्षीय हरदेव सिंह पुत्र सुरेंद्र पाल सिंह निवासी वार्ड नंबर 7, डाकघर फतेहगढ़ चूड़ियां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर  (पंजाब) के रूप में हुई है।

चम्बा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह नशा कहां से लाया गया था और किसे सप्लाई किया जाना था। एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है और नशे के सौदागरों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!