Edited By Vijay, Updated: 31 Oct, 2026 11:41 AM

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह (तीसा) क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर सुरक्षा एजैंसियों ने एक बड़ा प्रहार किया है। शुक्रवार रात स्पैशल टास्क फोर्स नॉर्थ रेंज कांगड़ा की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 9 किलो 28 ग्राम...
तीसा (सुभान दीन): हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के चुराह (तीसा) क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर सुरक्षा एजैंसियों ने एक बड़ा प्रहार किया है। शुक्रवार रात स्पैशल टास्क फोर्स नॉर्थ रेंज कांगड़ा की टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 9 किलो 28 ग्राम चरस की खेप बरामद की है। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ नॉर्थ रेंज कांगड़ा को अपने खुफिया तंत्र से पुख्ता सूचना मिली थी कि तीसा क्षेत्र के रास्ते मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप सप्लाई के लिए ले जाई जा रही है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए एसटीएफ की टीम ने एक विशेष रणनीति बनाई और तीसा क्षेत्र के खखड़ी डैम साइट लिंक रोड पर संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए नाकाबंदी कर दी। देर रात नाके के दौरान एक संदिग्ध मारुति सुजुकी कार वहां पहुंची। एसटीएफ टीम ने बिना देर किए वाहन को जांच के लिए रोका। जब टीम ने कार की गहनता से तलाशी ली, तो वाहन के भीतर छिपाकर रखी गई 9 किलो 28 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के नियमों का पालन करते हुए मौके पर ही पूरी खेप को सीलबंद कर दिया और मारुति कार को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने मौके से ही वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान राकेश कुमार (32) पुत्र दौलत राम, निवासी गांव मांडका, डाकघर थल्ली, तहसील चुराह, जिला चम्बा के रूप में हुई है। एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 25 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इतनी बड़ी मात्रा में चरस की बरामदगी के बाद एसटीएफ और स्थानीय पुलिस इस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे डिलीवर किया जाना था। जांच एजैंसियों का मुख्य उद्देश्य इस तस्करी के पीछे शामिल अंतर्राज्यीय या स्थानीय नैटवर्क के अन्य चेहरों को बेनकाब करना है। एसटीएफ की इस सफलता से क्षेत्र के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें