Kangra News: CCTV फुटेज बना अहम सुराग...24 घंटे में सुलझी मंदिर चोरी कांड की गुत्थी, चोर और कबाड़ी दोनों गिरफ्तार

Edited By Vijay, Updated: 17 Jun, 2026 08:05 PM

2 arrested in temple theft case

पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत भदरोया स्थित एक शिव मंदिर में हुई चोरी की वारदात को डमटाल पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है।

इंदौरा (अजीज): पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत भदरोया स्थित एक शिव मंदिर में हुई चोरी की वारदात को डमटाल पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। भगवान के दरबार में सेंधमारी करने वाले चोर के साथ-साथ पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी को भी सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई की पूरे इलाके में जमकर तारीफ हो रही है।

मंदिर से चुराए थे त्रिशूल, डमरू और तांबे के नाग
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को शिकायत मिली थी कि भदरोया के शिव मंदिर से किसी अज्ञात शातिर ने पीतल का त्रिशूल, तांबे का नाग, डमरू, जोत और तांबे के लोटे चुरा लिए हैं। आस्था से जुड़े इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डमटाल पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया।

सीसीटीवी ने खोला राज, टोल टैक्स बैरियर के पास धरा आरोपी
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इलाके की सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू किया। कैमरों की नजर से आरोपी बच नहीं सका। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंगल सिंह निवासी भदरोया को भदरोया टोल टैक्स बैरियर के समीप से धर दबोचा।

पठानकोट में कबाड़ी को बेचा था सामान
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी मंगल सिंह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि उसने मंदिर से चुराया गया पवित्र सामान पंजाब के पठानकोट में एक कबाड़ी को बेच दिया है। इसके बाद डमटाल पुलिस की टीम ने तुरंत पठानकोट के सैली रोड स्थित कबाड़ की दुकान पर दबिश दी। पुलिस ने वहां से दुकानदार रवि कुमार निवासी रामपुरा, पठानकोट को चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कबाड़ की दुकान से मंदिर का पूरा चोरीशुदा सामान त्रिशूल, नाग, डमरू आदि सकुशल बरामद कर लिया है।

न्यायालय में पेश किए गए आरोपी, धाराएं बढ़ीं
चोरी की संपत्ति खरीदने के जुर्म में पुलिस ने मामले में अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ दी हैं। दोनों आरोपियों (चोर और कबाड़ी) को आगे की रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की गहनता से जांच जारी है। वहीं, मंदिर का पवित्र सामान 24 घंटे के भीतर वापस मिलने और आरोपियों के पकड़े जाने पर क्षेत्रवासियों में संतोष का माहौल है।

 

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!