Edited By Vijay, Updated: 07 Jan, 2022 11:53 PM

कोटली तहसील के तहत आने वाले साईगलू में शुक्रवार को एक जीप के दुर्घटनाग्रस्त होने से 13 मजदूर घायल हो गए जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। घायल मजदूरों में से 11 का सिविल अस्पताल कोटली में जबकि 2 का जोनल अस्पताल मंडी में इलाज चल रहा है। सभी...
मंडी (रजनीश): कोटली तहसील के तहत आने वाले साईगलू में शुक्रवार को एक जीप के दुर्घटनाग्रस्त होने से 13 मजदूर घायल हो गए जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। घायल मजदूरों में से 11 का सिविल अस्पताल कोटली में जबकि 2 का जोनल अस्पताल मंडी में इलाज चल रहा है। सभी मजदूर पश्चिम बंगाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उधर, मौके पर पहुंचकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह मजदूर टावर लाइन का काम करने आए थे और काम न होने के चलते कटौला से कोटली के लिए जा रहे थे। इस दौरान साईगलू के पास जीप को बैक करते समय चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान चालक को छलांग लगाते देख 3 अन्य मजदूरों ने भी समय रहते छलांग लगा दी जबकि 13 मजदूर जीप के साथ लुढ़कते हुए खेतों में जा गिरे। इसके बाद घायलों को सिविल अस्पताल कोटली पहुंचाया गया। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है।
उधर, जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष दीपक शर्मा ने सिविल अस्पताल कोटली पहुंचकर घायल मजदूरों का कुशलक्षेम पूछा। उनके साथ कोटली पंचायत के पूर्व प्रधान चमन लाल, तेज राम और डाॅक्टर गौरव शामिल थे। दीपक शर्मा ने घायलों को हरसंभव सहायता देने का वादा किया और प्रशासन से भी आग्रह किया कि सभी घायलों को तुरंत फौरी राहत मुहैया करवाई जाए तथा दुर्घटना की जांच की जाए।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here