Edited By Vijay, Updated: 01 Aug, 2026 06:00 PM

औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। सिक्का रिसॉर्ट के समीप पाइपों से लदा एक बेकाबू ट्रक उद्योग विभाग के कार्यालय परिसर की दीवार से जा टकराया।
बद्दी (ठाकुर): औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के तहत बद्दी-बरोटीवाला मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। सिक्का रिसॉर्ट के समीप पाइपों से लदा एक बेकाबू ट्रक उद्योग विभाग के कार्यालय परिसर की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे हुआ। एक ट्रक भारी मात्रा में पाइप लादकर वर्धमान की ओर से आ रहा था। इसी दौरान उतराई पर अचानक चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते ट्रक सीधे उद्योग विभाग के कार्यालय परिसर की दीवार से जा टकराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयानक था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया और चालक उसी के अंदर बुरी तरह फंस गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंच गए। चालक को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। केबिन बुरी तरह पिचकने के कारण क्रेन की मदद लेनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे के कड़े रेस्क्यू ऑप्रेशन के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक ट्रक चालक की पहचान कुलविंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के लुधियाना स्थित गांव मनकवाल (बसंत एवेन्यू) का निवासी था।
पुलिस ने मौके पर पप्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर लिए हैं और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है और दुर्घटना के असल कारणों की गहनता से जांच की जा रही है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें