Edited By Kuldeep, Updated: 04 May, 2026 07:03 PM

एचआरटीसी के बेड़े में जल्द ही 297 नई बसें शामिल होने जा रही हैं लेकिन इन बसों के आने से पहले एक बार फिर प्रदेश के विभिन्न 16 रूटों पर ट्रायल होगा।
शिमला(राजेश): एचआरटीसी के बेड़े में जल्द ही 297 नई बसें शामिल होने जा रही हैं लेकिन इन बसों के आने से पहले एक बार फिर प्रदेश के विभिन्न 16 रूटों पर ट्रायल होगा। इसके लिए कंपनी ने फिर से 10 बसें ट्रायल के लिए भेजी हैं। इन 10 बसों में से 7 बसें निगम के पास पहुंच गई हैं वहीं 3 बसें अभी बीच मार्ग पर हैं। ये बसें मंगलवार या फिर बुधवार को सोलन व शिमला पहुंच जाएंगी। पहले आई इलैक्ट्रिक बसों का भी निगम प्रबंधन ने ट्रायल करवाया था। 16 रूटों पर ये बसें ट्रायल में फेल हो गई थीं। इन रूटों पर नए सिरे से ट्रायल होगा। पिछली बार एचआरटीसी प्रबंधन की ओर से करवाए गए ट्रायल में बसों में कुछ तकनीकी खामी सामने आई है। कंपनी ने कहा था कि एक बार बैटरी चार्ज बस 180 किलोमीटर चलेगी। मैदानी क्षेत्रों में तो माइलेज ठीक आ रही है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में बसें इतनी माइलेज नहीं दे पा रही हैं।
निगम ने प्रदेश में 36 स्थानों पर इलैक्ट्रिक बसों का ट्रायल करवाया है। एक बार बैटरी चार्ज करने पर कहीं इलैक्ट्रिक बस 167, कहीं 170 और कहीं 175 किलोमीटर तक ही चल पाई थी। एचआरटीसी प्रबंधन ने इसकी रिपोर्ट कंपनी को भेज कर नए सिरे से ट्रायल करने को कहा था। पहले कंपनी ने कहा था कि जहां पर ट्रायल सफल हो चुके हैं वहां के लिए बसों को भेज देते हैं, लेकिन निगम ने इससे इंकार किया। इसमें कहा गया कि पहले ट्रायल होगा, उसके बाद ही बसों की डिलिवरी ली जाएगी। निगम ने कंपनी को ये भी निर्देश दिए हैं कि इस महीने के अंतिम सप्ताह तक 100 बसें भेज दें। 2025 में ओलेक्ट्रा ग्रीनटैक लिमिटेड को 297 बसों की खरीद का ऑर्डर जारी किया था। 424.01 करोड़ रुपए का टैंडर है। कंपनी ने 11 महीने में यह ऑर्डर पूरा करने का आश्वासन दिया था। कंपनी को 9 जनवरी तक 50 प्रतिशत यानी 149 बसों की डिलीवरी करनी थी, जिसमें कंपनी सफल नहीं हुई है। इस पर निगम प्रबंधन कंपनी पर जुर्माना भी लगा चुका है।