Edited By Kuldeep, Updated: 08 Jul, 2026 10:45 AM

धर्मशाला के फतेहपुर क्षेत्र में टांडा मैडीकल कॉलेज की चिकित्सक के घर हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
धर्मशाला (ब्यूरो): धर्मशाला के फतेहपुर क्षेत्र में टांडा मैडीकल कॉलेज की चिकित्सक के घर हुई लाखों रुपए की चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए महिला सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हमीरपुर के एक आभूषण व्यापारी से चोरी का 15 तोले सोना और एक किलो चांदी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार टांडा मैडीकल कॉलेज में कार्यरत डॉ. अंजली श्रीकांत चव्हाण ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 27 और 28 जून की रात उनके फतेहपुर स्थित घर में चोरी हुई। उस समय वह दो दिन के लिए घर से बाहर थीं। चोर घर से पुश्तैनी सोने-चांदी के आभूषण, तीन से चार किलो चांदी, तीन मंगलसूत्र, नकदी तथा पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी की डीवीआर भी साथ ले गए थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर गग्गल की बंगाली कालोनी निवासी 55 वर्षीय अंजू और 27 वर्षीय चंदन को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने खुलासा किया कि चोरी के आभूषण हमीरपुर के मुख्य बाजार स्थित प्रताप गली के आभूषण व्यापारी को बेच दिए थे। इसके बाद कांगड़ा पुलिस ने हमीरपुर में छापेमारी कर व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया तथा उसके कब्जे से 15 तोले सोना और एक किलो चांदी बरामद कर ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चोरी में शामिल अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।