Edited By Vijay, Updated: 30 Apr, 2026 07:19 PM

जिला मुख्यालय कुल्लू के अखाड़ा बाजार में वीरवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ब्यास नदी में एक महिला द्वारा छलांग लगाने के बाद जम्मू-कश्मीर के 2 साहसी युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कुल्लू (संजीव): जिला मुख्यालय कुल्लू के अखाड़ा बाजार में वीरवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ब्यास नदी में एक महिला द्वारा छलांग लगाने के बाद जम्मू-कश्मीर के 2 साहसी युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवाओं की इस तत्परता की हर तरफ प्रशंसा हो रही है।
घटना सुबह करीब 8 बजे की है। अखाड़ा बाजार स्थित कार पार्किंग के समीप एक महिला ने अचानक ब्यास नदी के तेज और बर्फीले पानी में छलांग लगा दी। नदी का बहाव काफी तेज था, जिससे महिला पानी में बहने लगी। घटनास्थल पर मौजूद जम्मू-कश्मीर के दो युवाओं ने स्थिति को भांपते हुए बिना देरी किए नदी में छलांग लगा दी। युवाओं ने बहादुरी का परिचय देते हुए नदी के एक तट से दूसरे तट तक तैरकर महिला को सुरक्षित बाहर खींच लिया।
नदी में छलांग लगाने वाली महिला रामशिला, जिला कुल्लू की रहने वाली बताई गई है। घटना के बाद उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला डिप्रैशन की दवाइयां ले रही है। बताया जा रहा है कि मानसिक संतुलन ठीक न होने के कारण उसने ऐसा कदम उठाया। युवाओं की त्वरित कार्रवाई ने समय रहते महिला को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें